इटावा जिले के सैफई गाँव में पले-बढ़े अखिलेश सिंह यादव का आज 47वा जन्मदिन है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हर साल अपने अध्यक्ष का जन्मदिन पार्टी कार्यालयों पर सम्मिलित होकर केक काटकर पूरे धूम-धाम से मनाते हैं। हालांकि इस साल कोरोना महामारी के चलते क्योंकि बड़ी संख्या में लोगों का इकठ्ठा होना असुरक्षित है, इसलिए अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिम्पल यादव ने ट्वीट कर अपने पति को बधाई देते हुए कहा कि, “अखिलेश जी के अनुरोध पर उनके चाहनेवाले सभी समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं से ये आग्रह है कि वो इस संकटकाल में किसी आयोजन की जगह व्यक्तिगत स्तर पर किसी ज़रूरतमंद की मदद करेंI”

पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर जरूरतमंदों की सहायता करते हुए पार्टी कार्यालयों पर बिना किसी तामझाम के केक कटिंग की। बता दें कि वाराणसी के लहुराबीर चौराहे कार्यकर्ताओं ने केक कटिंग की और राजेंद्र प्रसाद घाट पर कुछ पदाधिकारियों ने जरूरतमंदों को मास्क और सैनिटाइज़र भी बाटें लेकिन कुछ जगह सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा दी।

वाराणसी मे पार्टी के कार्यकर्ता आनंद यादव के नेतृत्व में एक साइकिल रैली का भी आयोजन हुआ जिसमें कई कार्यकर्ता हाथ में पार्टी का झंडा लिए सिंहपुर गांव से चलकर पटेंरवा, नई बाजार, भसोड़ी, छांहि, टड़िया, दामोदरपुर होते हुए सग्रहालय तक गए तथा सग्रहालय के बाहर केके भी काटा गया। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मान सिंह वर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मेहताब सिंह यादव समेत कई कार्यकर्ताओं ने कासिमपुर में पौधरोपण भी किया।

बता दें कि अखिलेश सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पहली बीवी, मालती देवी के बेटे है और 26 साल की उम्र में उन्होंने डिम्पल यादव से शादी की थी। उसके बाद सन् 2000 में उन्हें कन्नौज से लोकसभा के लिए पहली बार चुना गया। 15 मार्च 2012 में 38 साल की उम्र में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का बीसवा मुख्यमंत्री घोषित किया गया जिसके साथ ही वह उप्र के आज तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री भी बने। 19 मार्च 2017 मे मुख्यमंत्री पद से हटने से पहले, अखिलेश यादव ने राज्य में कई बड़ी योजनाओं को पूरा किया जिनमे देश का सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे (expressway), आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे भी शामिल है। इसके साथ ही यूपी 100 पुलिस सेवा, 108 फ्री एंबुलेंस सेवा, लखनऊ मेट्रो रेल, लखनऊ इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, एशिया का सबसे बड़ा जनेश्वर मिश्र पार्क, जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर, लखनऊ-बलिया समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जैसी योजनाओं को अंजाम देते हुए अखिलेश ने लाखों लोगों का दिल जीता।

Gaurang Goel