vitamin deficiency and cold sensitivity कुछ लोगों को ठंड के मौसम में बहुत ज्यादा ठंड लगती है, चाहे कितनी भी गर्म रजाई या कंबल ओढ़ लें, फिर भी ठंड पीछा नहीं छोड़ती। वहीं, कुछ लोग होते हैं जिन्हें इतनी ठंड महसूस ही नहीं होती।
ऐसा क्यों होता है? इसके पीछे केवल ठंडा मौसम ही वजह नहीं, बल्कि शरीर में जरूरी पोषक तत्वों और विटामिन की कमी भी बड़ा कारण हो सकती है। रिसर्च के मुताबिक, शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी से हार्मोनल बैलेंस बिगड़ सकता है, जिससे शरीर को ज्यादा ठंड महसूस होती है।
आइए जानते हैं, किन चीजों की कमी से शरीर ठंडा पड़ जाता है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।
विटामिन बी 12 की कमी
शरीर को गर्म रखने के लिए ब्लड सर्कुलेशन सही होना बहुत जरूरी है। विटामिन बी12 शरीर में रेड ब्लड सेल्स बनाने में मदद करता है, जो पूरे शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करते हैं।
अगर इसकी कमी हो जाए
शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती, जिससे ठंड ज्यादा लगने लगती है।
हाथ-पैर सुन्न पड़ सकते हैं, झुनझुनी महसूस हो सकती है।
याददाश्त कमजोर हो सकती है और चक्कर भी आ सकते हैं।
इसको कैसे दूर करें
अपनी डाइट में दूध, अंडा, मछली और चिकन को शामिल करें।
अगर आप वेजिटेरियन हैं तो डॉक्टर से विटामिन बी12 सप्लीमेंट लेने की सलाह ले सकते हैं।
विटामिन डी की कमी
विटामिन डी सिर्फ हड्डियों के लिए ही नहीं, बल्कि शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने के लिए भी जरूरी है। इसकी कमी से शरीर को ज्यादा ठंड लग सकती है।
इसके क्या लक्षण हैं
सर्दियों में बार-बार बीमार पड़ना।
हमेशा थकान और कमजोरी महसूस करना।
ठंड के मौसम में हाथ-पैर ठंडे पड़ जाना।
इसको कैसे दूर करें
हर रोज कम से कम 30 मिनट धूप में बैठें।
खाने में अंडे, मछली और दूध को शामिल करें।
आयरन की कमी
आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो खून में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। इसकी कमी से शरीर में खून की कमी (एनीमिया) हो सकती है, जिससे ठंड ज्यादा लगती है।
इसके लक्षण
हाथ-पैर ठंडे पड़ जाना।
त्वचा पीली दिखने लगना।
हमेशा कमजोरी और थकान महसूस होना।
कैसे दूर होगा यह
डाइट में पालक, मेथी, गुड़, बीन्स और चुकंदर को शामिल करें।
आयरन सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
मैग्नीशियम की कमी
मैग्नीशियम शरीर की मांसपेशियों (मसल्स) और नर्व्स को सही तरीके से काम करने में मदद करता है। इसकी कमी से शरीर का तापमान नियंत्रित नहीं रहता, जिससे ठंड ज्यादा महसूस होती है।
इसके लक्षण
शरीर के तापमान में गड़बड़ी आना।
हाथ-पैर हमेशा ठंडे रहना।
मांसपेशियों में कमजोरी और ऐंठन होना।
यह कैसे दूर होगा
खाने में नट्स, बीज (सीड्स) और साबुत अनाज शामिल करें।
अगर जरूरत हो तो डॉक्टर की सलाह पर मैग्नीशियम सप्लीमेंट लें।
जरूरी है डॉक्टर की सलाह
अगर आपको लगता है कि आपको बहुत ज्यादा ठंड लगती है, तो इस पर लापरवाही न करें। हो सकता है कि आपके शरीर में किसी जरूरी पोषक तत्व की कमी हो।डॉक्टर से मिलकर कुछ जरूरी जांच करवाएं। डॉक्टर की सलाह के अनुसार, अपनी डाइट में जरूरी पोषक तत्व शामिल करें।
विटामिन और मिनरल्स की कमी से बचने के लिए हेल्दी डाइट लें।