UPSC Civil Services Exam 2026: सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने साल 2026 की सिविल सर्विसेज परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। प्रशासनिक कारणों से हो रही देरी अब खत्म हो चुकी है और आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इस प्रतिष्ठित परीक्षा का इंतजार कर रहे थे, वे अब बिना समय गंवाए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं।
आवेदन सिर्फ ऑनलाइन ही स्वीकार होंगे
यूपीएससी ने साफ कर दिया है कि आवेदन सिर्फ ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर जाकर आवेदन करना होगा। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 24 फरवरी 2026 तय की गई है और शाम 6 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यानी उम्मीदवारों के पास करीब 20 दिन का समय है। आखिरी दिनों में वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक की वजह से दिक्कत हो सकती है, इसलिए समय रहते आवेदन करना बेहतर रहेगा।
कब होगी प्रीलिम्स परीक्षा
प्रीलिम्स परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी गई है। यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद मेन्स और इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी। अंतिम मेरिट लिस्ट मेन्स और इंटरव्यू के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाती है। मेन्स परीक्षा 1750 अंकों की होती है, जबकि इंटरव्यू 275 अंकों का होता है।
चार स्टेप में आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए इसे चार स्टेप में बांटा गया है। सबसे पहले उम्मीदवार को अपनी प्रोफाइल बनानी होगी। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर जनरेट होगा। फिर पूरा आवेदन फॉर्म भरना होगा और अंत में फीस जमा करके परीक्षा केंद्र का चयन करना होगा। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को फोटो और साइन से जुड़ी बातों का खास ध्यान रखना होगा।
फोटो और सिग्नेचर को लेकर काफी सख्त
इस बार यूपीएससी फोटो और सिग्नेचर को लेकर काफी सख्त है। उम्मीदवारों को फॉर्म भरते समय लाइव फोटो वेबकैम से खींचकर अपलोड करनी होगी। वहीं सिग्नेचर सफेद कागज पर काली स्याही से तीन बार करने होंगे और उसकी स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। किसी भी तरह की गलती होने पर फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है।
मौकों और आयु सीमा की बात करें तो जनरल और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 6 मौके मिलेंगे और अधिकतम उम्र 32 साल होगी। OBC वर्ग के लिए 9 मौके और 35 साल की उम्र सीमा तय है। वहीं SC/ST वर्ग के उम्मीदवारों के लिए प्रयासों की कोई सीमा नहीं है और अधिकतम आयु 37 साल रखी गई है।
जोनल सिस्टम हुआ खत्म
इस बार कैडर अलॉटमेंट पॉलिसी में भी बड़ा बदलाव किया गया है। 2017 से लागू जोनल सिस्टम को खत्म कर दिया गया है और अब रोटेशनल साइकिल सिस्टम लागू होगा। सरकार का कहना है कि इससे राज्यों में अफसरों की पोस्टिंग ज्यादा संतुलित और पारदर्शी हो सकेगी।

