IPL Match: राजधानी लखनऊ में 12 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के आयोजन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने Shaheed Path और आसपास के इलाकों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। यह ट्रैफिक प्लान दोपहर 12 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसें, प्राइवेट बसें और अन्य सभी कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि निजी वाहन और किराये की टैक्सी सेवाओं जैसे ओला-ऊबर पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं रहेगा, लेकिन उनके लिए भी विशेष नियम तय किए गए हैं।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान लागू
सुल्तानपुर रोड की ओर से आने वाली बसों और भारी वाहनों को अमूल तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अर्जुनगंज और कैंट की दिशा से आने वाले वाहनों को कटाई पुल के रास्ते भेजा जाएगा।सिटी बसों का संचालन जारी रहेगा, लेकिन वे शहीद पथ पर हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं भी नहीं रुकेंगी, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
ओला-ऊबर के लिए भी लागू रहेंगे नियम
ओला-ऊबर और अन्य टैक्सी सेवाओं के लिए भी यही नियम लागू रहेंगे। इन वाहनों को शहीद पथ के कुछ हिस्सों में सवारी उठाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें तय किए गए रूट का ही पालन करना होगा।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए विशेष पार्किंग प्लान तैयार किया गया है। जिन लोगों के पास पार्किंग पास होगा, वे अहिमामऊ से एचसीएल होते हुए प्लासियो मॉल तक जाकर अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। जिनके पास पास नहीं होगा, उन्हें निर्धारित वैकल्पिक पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करना होगा। दोपहिया वाहनों के लिए प्लासियो मॉल के पीछे अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के आसपास अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना टिकट या पास के किसी भी व्यक्ति को स्टेडियम परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।स्टेडियम में प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले शुरू होगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही एंट्री की अनुमति रहेगी।
पुलिस की जनता से अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से स्टेडियम क्षेत्र में जाने से बचें, ताकि मैच के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।








