UP Uttarakhand Punjab Election Survey 2027 :उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच वोट वाइब के स्टेट वाइब सर्वे में तीनों राज्यों के मतदाताओं से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सर्वे में लोगों से पूछा गया कि उन्होंने किसे वोट देने का फैसला किया है और 2027 में किस पार्टी या गठबंधन के जीतने की सबसे ज्यादा संभावना है।
वोट का फैसला
सर्वे में जब लोगों से पूछा गया कि क्या उन्होंने पहले ही तय कर लिया है कि वह किसे वोट देंगे, तो यूपी में 64.4 फीसदी लोगों ने हां में जवाब दिया। उत्तराखंड में 52.5 फीसदी और पंजाब में 71.2 फीसदी लोगों ने भी अपना फैसला तय होने की बात कही। वहीं कुछ मतदाता ऐसे हैं, जिनकी पसंद तो तय है, लेकिन उन्होंने अभी अंतिम फैसला नहीं किया है। ऐसे लोगों की संख्या यूपी में 19 फीसदी, उत्तराखंड में 25.6 फीसदी और पंजाब में 14.7 फीसदी बताई गई है।
यूपी में मुकाबला
उत्तर प्रदेश में बीजेपी गठबंधन और समाजवादी पार्टी गठबंधन के बीच करीबी मुकाबले के संकेत मिले हैं। सर्वे के मुताबिक 41.8 फीसदी लोग बीजेपी गठबंधन को वोट देने की संभावना जता रहे हैं, जबकि 38.7 फीसदी लोगों की पसंद सपा गठबंधन है। बहुजन समाज पार्टी को 5.2 फीसदी और निर्दलीय उम्मीदवारों को 4 फीसदी समर्थन मिलने की संभावना जताई गई। करीब 10 फीसदी मतदाता अभी असमंजस में हैं।
उत्तराखंड का मूड
उत्तराखंड में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला नजर आ रहा है। सर्वे में 40.9 फीसदी लोगों ने बीजेपी को वोट देने की संभावना जताई, जबकि 36.7 फीसदी लोग कांग्रेस के साथ दिखाई दिए। उत्तराखंड क्रांति दल को 8.6 फीसदी, बसपा को 1.6 फीसदी, आम आदमी पार्टी को 1.3 फीसदी और निर्दलीय उम्मीदवारों को 1.4 फीसदी समर्थन मिलने की संभावना बताई गई। 9.6 फीसदी लोगों ने अभी अपना फैसला नहीं किया है।
पंजाब में आप आगे
पंजाब में आम आदमी पार्टी सबसे आगे दिखाई दे रही है। सर्वे के अनुसार 34 फीसदी लोग आप को वोट देने की संभावना रखते हैं। कांग्रेस को 30.2 फीसदी, बीजेपी को 12.2 फीसदी और शिरोमणि अकाली दल को 11.3 फीसदी समर्थन मिलने की संभावना है। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 6.6 फीसदी और निर्दलीय उम्मीदवारों को 1 फीसदी समर्थन मिल सकता है। 4.7 फीसदी लोगों ने अभी फैसला नहीं किया है।
जीत पर क्या राय
2027 में कौन जीतेगा, इस सवाल पर यूपी में तस्वीर बेहद करीबी है। 41.2 फीसदी लोगों को सपा गठबंधन की जीत की उम्मीद है, जबकि 41.1 फीसदी बीजेपी गठबंधन को विजेता मानते हैं। बसपा को 4.4 फीसदी और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2.8 फीसदी लोगों ने जीत की संभावना दी।
उत्तराखंड में 39.7 फीसदी लोगों ने बीजेपी की जीत की संभावना जताई, जबकि 36.3 फीसदी कांग्रेस के पक्ष में रहे। उत्तराखंड क्रांति दल को 9.2 फीसदी, बसपा को 0.8 फीसदी, आप को 0.4 फीसदी और निर्दलीय उम्मीदवारों को 0.7 फीसदी लोगों ने जीत का दावेदार माना।
पंजाब में 36.7 फीसदी लोगों को लगता है कि आम आदमी पार्टी दोबारा सत्ता में आ सकती है। कांग्रेस को 26.8 फीसदी, बीजेपी को 13.6 फीसदी, शिरोमणि अकाली दल को 9.6 फीसदी और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 6.2 फीसदी लोगों ने जीत की संभावना दी। 6.1 फीसदी लोग अभी कोई अनुमान नहीं लगाना चाहते।










