IIFA 2026: इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड्स के 26वें संस्करण के विजेताओं का ऐलान हो गया है। इस बार आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। फिल्म ने अभिनय, निर्देशन और तकनीकी श्रेणियों में कई पुरस्कार अपने नाम किए। रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर और अनीत पड्डा को बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। डिजिटल कैटेगरी में भी कई फिल्मों और वेब सीरीज ने बाजी मारी।
‘धुरंधर’ ने जीते बड़े अवॉर्ड
IIFA 2026 में ‘धुरंधर’ के लिए रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। अक्षय खन्ना को नेगेटिव रोल और संजय दत्त को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर चुना गया। फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को बेस्ट डायरेक्टर के साथ ओरिजिनल स्टोरी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स के लिए भी सम्मान मिला।
वहीं, ‘सैयारा’ के लिए अनीत पड्डा ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता। हुमा कुरैशी को ‘जॉली एलएलबी 3’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस चुना गया।
संगीत और तकनीकी श्रेणियों में किसने मारी बाजी?
‘धुरंधर’ के लिए शाश्वत सचदेव को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का पुरस्कार मिला। ‘सैयारा’ के गाने के लिए इरशाद कामिल को बेस्ट लिरिक्स, फहीम अब्दुल्ला को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर और श्रेया घोषाल को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर चुना गया।
‘छावा’ ने भी तकनीकी श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए। एआर रहमान को बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर और असेम्बलेज एंटरटेनमेंट तथा रीडिफाइन को बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का अवॉर्ड मिला। अहान पांडे और राशा थडानी को क्रमशः बेस्ट मेल और फीमेल डेब्यू का सम्मान दिया गया।
डिजिटल कैटेगरी में भी इनका रहा दबदबा
डिजिटल फिल्म श्रेणी में ‘बारामूला’ को बेस्ट फिल्म और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का पुरस्कार मिला। ‘स्टोलन’ के लिए अभिषेक बनर्जी को बेस्ट एक्टर और करण तेजपाल को बेस्ट डायरेक्टर चुना गया। सान्या मल्होत्रा को फिल्म ‘मिसेज’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला।
‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को बेस्ट सीरीज और आर्यन खान को बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार मिला। ‘पाताल लोक 2’ के लिए जयदीप अहलावत और तिलोत्तमा शोम को लीडिंग रोल में सम्मानित किया गया।






