Kolkata Mumbai Flight Hijack Threat:कोलकाता से मुंबई जा रही एक फ्लाइट में बुधवार सुबह सुरक्षा अलर्ट के बाद हड़कंप मच गया। विमान के वॉशरूम में हाईजैक की धमकी वाला नोट मिला था। इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
11:10 बजे की चेतावनी
समाचार एजेंसी के मुताबिक, मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान भरने के लिए तैयार विमान में धमकी भरा नोट मिला था। इसमें सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर विमान हाईजैक होने की चेतावनी दी गई थी।
नोट मिलने के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया और मानक सुरक्षा प्रक्रिया (SOP) लागू कर दी गई।
पहले भी मिला था अलर्ट
इससे पहले अक्टूबर में फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट में भी हाईजैक अलर्ट मिला था। इसके बाद विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया था। हालांकि, जांच में यह अलर्ट झूठा निकला।
उड़ान संख्या AI 2030 वाला बोइंग 787-9 विमान 293 यात्रियों और चालक दल के 13 सदस्यों के साथ यात्रा कर रहा था। विमान को जांच के लिए आइसोलेशन बे में रखा गया था।
स्क्वाक कोड 7500 सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक, विमान जब मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्र में था, तब पायलट ने स्क्वाक कोड 7500 सक्रिय किया था। यह कोड विमान में गैरकानूनी दखल या हाईजैक जैसी स्थिति का संकेत देता है। बाद में पता चला कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह कोड सक्रिय हुआ था और अपहरण की कोई वास्तविक धमकी नहीं थी।
एअर इंडिया ने बताया था कि सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद विमान और चालक दल को उड़ान की अनुमति दे दी गई। यात्रियों की सुरक्षा जांच पूरी होने पर उन्हें दोबारा विमान में बैठाया गया। इसके बाद विमान उसी चालक दल के साथ रवाना हुआ और दोपहर को दिल्ली पहुंच गया।













