Diabetes Symptoms in Children:बच्चों में डायबिटीज यानी मधुमेह की समस्या को लेकर अक्सर पेरेंट्स के मन में कई सवाल रहते हैं। आमतौर पर लोगों को लगता है कि डायबिटीज खराब खान-पान और बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल के कारण होती है, इसलिए बच्चों को यह बीमारी नहीं हो सकती। लेकिन ऐसा सोचना सही नहीं है। बच्चों में भी डायबिटीज हो सकती है और इसके शुरुआती लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है।
कई बार पेरेंट्स बच्चों की प्यास, भूख और बार-बार पेशाब आने जैसी समस्याओं को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकती है। Cloudnine Hospital, New Delhi के पीडियाट्रिशियन और नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. रजत ग्रोवर के मुताबिक, बच्चों में कुछ खास बदलाव डायबिटीज के शुरुआती संकेत हो सकते हैं।
बच्चों में क्यों होती है डायबिटीज?
डायबिटीज मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है। टाइप 1 डायबिटीज बच्चों और किशोरों में अधिक देखने को मिलती है। इसमें शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता, जिसकी वजह से ब्लड शुगर बढ़ने लगता है। वहीं, कुछ बच्चों में टाइप 2 डायबिटीज भी हो सकती है। इसलिए बच्चों की सेहत में होने वाले असामान्य बदलावों पर ध्यान देना जरूरी है।
बच्चों में डायबिटीज के 7 शुरुआती लक्षण
बार-बार पेशाब आना
अगर बच्चा सामान्य से ज्यादा बार पेशाब करने जा रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। कुछ बच्चों में रात के समय बार-बार पेशाब आने या दोबारा बिस्तर गीला करने की समस्या भी हो सकती है। दरअसल, ब्लड शुगर बढ़ने पर शरीर अतिरिक्त ग्लूकोज को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है।
बहुत ज्यादा प्यास लगना
बच्चे को बार-बार पानी की जरूरत महसूस होना भी डायबिटीज का शुरुआती संकेत हो सकता है। अगर बच्चा दिनभर पानी मांगता रहे और उसके होंठ या मुंह सूखने लगें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
अचानक वजन कम होना
अगर बच्चा सामान्य तरीके से खाना खा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसका वजन तेजी से कम हो रहा है, तो सावधान हो जाएं। इंसुलिन की कमी के कारण शरीर ग्लूकोज का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता। ऐसे में ऊर्जा के लिए शरीर फैट और मांसपेशियों का इस्तेमाल करने लगता है।
बार-बार भूख लगना
डायबिटीज में शरीर की कोशिकाओं को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती। इस वजह से बच्चे को बार-बार भूख लग सकती है। अगर बच्चा सामान्य से ज्यादा खाना मांग रहा है और इसके साथ वजन भी घट रहा है, तो जांच कराना जरूरी है।
थकान और कमजोरी महसूस होना
अगर बच्चा खेलने-कूदने के दौरान जल्दी थक जाता है या हमेशा सुस्त रहता है, तो इसे सामान्य कमजोरी समझकर न टालें। ब्लड शुगर बढ़ने के कारण शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती, जिससे थकान महसूस हो सकती है।
आंखों से धुंधला दिखाई देना
बच्चे को चीजें देखने में परेशानी होना या बार-बार धुंधला दिखाई देने की शिकायत करना भी एक संकेत हो सकता है। ब्लड शुगर में बदलाव के कारण आंखों के लेंस पर असर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में आंखों की जांच के साथ डॉक्टर की सलाह भी लें।
बार-बार इंफेक्शन होना
कुछ बच्चों में डायबिटीज के कारण त्वचा, मसूड़ों और शरीर के अन्य हिस्सों में बार-बार संक्रमण की समस्या हो सकती है। अगर बच्चे को लगातार इंफेक्शन हो रहा है, तो इसकी वजह जानने के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।
बच्चों में डायबिटीज की पुष्टि होने पर क्या करें?
अगर बच्चे में डायबिटीज के लक्षण दिखाई देते हैं, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर जरूरत के अनुसार ब्लड शुगर और अन्य जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। डायबिटीज की पुष्टि होने पर बच्चे की नियमित ब्लड शुगर मॉनिटरिंग, डॉक्टर की सलाह के अनुसार इंसुलिन और संतुलित खान-पान का ध्यान रखना जरूरी है।
इसके अलावा, बच्चे को उसकी उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें। सबसे जरूरी बात यह है कि बच्चों में डायबिटीज के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और किसी भी तरह का इलाज डॉक्टर की सलाह के बिना शुरू न करें।














