अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के कम्युनिकेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण देशभर के एयरपोर्ट पर हजारों उड़ानों को रोकना पड़ा। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया था। इस रुकावट से करीब 8,000 उड़ानें चार घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहीं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, इन उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा। बाद में FAA ने ग्राउंडिंग हटाकर विमानों को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दे दी।
तकनीकी खराबी की पहचान
FAA ने बताया कि देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स के बीच कम्युनिकेशन में गड़बड़ी आई थी। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि तकनीकी विशेषज्ञ इस मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल साइबर अटैक का कोई सबूत नहीं मिला है। अधिकारियों ने इसे कम्युनिकेशन सिस्टम की तकनीकी खराबी बताया। इस समस्या को रोलिंग फ्रीक्वेंसी आउटेज कहा गया, जिसमें अलग-अलग समय पर विभिन्न कम्युनिकेशन फ्रीक्वेंसी प्रभावित हुईं। अमेरिकी समय के मुताबिक रात 8:15 बजे एयरस्पेस दोबारा खोल दिया गया।
सामान्य होने में लगेगा समय
ग्राउंडिंग के दौरान पहले से हवा में मौजूद विमानों को लैंड करने की अनुमति थी, लेकिन एयरपोर्ट पर खड़े विमान उड़ान नहीं भर सकते थे। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर फैसले अलग-अलग परिस्थितियों के आधार पर लिए जाने थे। सीन डफी ने कहा कि एयरस्पेस खुलने का मतलब यह नहीं है कि सभी उड़ानें तुरंत सामान्य हो जाएंगी। पायलट, केबिन क्रू और दूसरे कर्मचारियों की उपलब्धता के आधार पर परिचालन बहाल होगा। यात्रियों को अपनी उड़ान की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पहले भी लग चुकी रोक
अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद पूरे देश में उड़ानों पर रोक लगाई गई थी। इसके बाद जनवरी 2023 में FAA के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण घरेलू उड़ानें करीब 90 मिनट तक ग्राउंड की गई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में रोजाना लगभग 45,000 उड़ानें संचालित होती हैं। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार करीब 600 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। उस दिन 11,000 उड़ानों के जरिए 15 लाख से ज्यादा यात्रियों के सफर करने की उम्मीद थी।














