सरकारी स्कूलों में बच्चों को पोषण देने के लिए मध्यान्ह भोजन योजना चलाई जाती है, लेकिन मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से इस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ब्यौहारी विकासखंड के सरकारी प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन खाने के बाद 15 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। इसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में कराया भर्ती
बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचाया गया। यहां सभी का उपचार शुरू किया गया। फिलहाल बच्चों का इलाज जारी है। घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। हालांकि, बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
अधिकारियों को नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए परोसे गए मध्यान्ह भोजन का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विभाग को भेजा गया है। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने सख्त कार्रवाई करते हुए सीईओ जनपद पंचायत ब्यौहारी और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही संबंधित स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन बनाने और परोसने के काम से अलग कर दिया गया है।
जांच के घेरे में व्यवस्था
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अब खाद्य विभाग की रिपोर्ट से पता चलेगा कि भोजन में किसी तरह की गड़बड़ी थी या बच्चों की तबीयत बिगड़ने की कोई दूसरी वजह रही। इस घटना ने सरकारी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना में लापरवाही की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।













