BJP Election Strategy: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें पार्टी के शीर्ष नेता चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। बैठक का मुख्य फोकस विपक्ष के नैरेटिव की काट तलाशने, अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने और संगठन में एकजुटता का संदेश देने पर रहेगा। 17 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
एकजुटता का संदेश अहम
बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी चर्चा होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष छोटी-छोटी असहमतियों को बड़े मतभेद के रूप में पेश करने की कोशिश करता है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व एकजुटता का संदेश जनता तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करेगा। यह संदेश देने पर जोर रहेगा कि लखनऊ और दिल्ली के नेतृत्व के बीच कोई मतभेद नहीं है। सोशल मीडिया के जरिए भी पार्टी अपने नैरेटिव को जनता तक पहुंचाने की योजना बनाएगी। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और चारों सह प्रभारी भी शामिल होंगे। इसी दौरान 17 नवंबर को कोर ग्रुप की बैठक भी होगी।
वोटर और प्रत्याशी चयन
भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी समर्थित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति बनाई जाएगी। इसके साथ ही वर्तमान और संभावित प्रत्याशियों के फीडबैक पर विचार होगा। प्रत्याशी चयन के मानकों, विधानसभा स्तर पर चुनाव प्रबंधन, बूथ व्यवस्था और पन्ना प्रमुखों की भूमिका पर भी मंथन किया जाएगा। पार्टी की कोशिश होगी कि चुनाव से पहले संगठन की तैयारियों को मजबूत किया जाए और हर स्तर पर जिम्मेदारियां तय हों।
बड़े नेताओं की चुनावी सभाएं
चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी मंडलों में सभाएं कराने की योजना पर भी चर्चा होगी। गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता प्रदेश में चुनावी सभाएं करेंगे। इनके अलावा नुक्कड़ सभाओं और घर-घर संपर्क अभियान की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। दूसरी ओर, भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की सूची फाइनल होने की खबरों को खारिज किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई सूची तैयार नहीं हुई है। उन्होंने इन खबरों को कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलाने की कोशिश बताया है।



















