चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2027 की तैयारी नए कोचिंग सेटअप के साथ कर रही है। इस बीच फैंस की नजरें एमएस धोनी के भविष्य पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल है कि क्या माही अगले सीजन में पीली जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे या उनका आईपीएल सफर खत्म हो जाएगा। फिलहाल धोनी ने अपने फैसले को फिटनेस और मेडिकल रिपोर्ट से जोड़ दिया है।
दिसंबर से पहले फैसला
कुछ दिन पहले बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान धोनी से आईपीएल 2027 में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले मेडिकल टेस्ट कराने होंगे। डॉक्टरों की रिपोर्ट देखने के बाद ही वह तय करेंगे कि उनका शरीर एक और सीजन खेलने के लिए तैयार है या नहीं। उन्होंने दिसंबर से पहले अंतिम फैसला लेने की बात कही। धोनी ने अपने शरीर की तुलना पुरानी गाड़ी से करते हुए डॉक्टरों से उसे सड़क पर चलने लायक बनाए रखने की जिम्मेदारी भी मजाक में सौंपी।
CSK को फैसले का इंतजार
चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन भी पहले कह चुके हैं कि धोनी के खेलने का फैसला उन्हीं पर निर्भर करेगा। फ्रेंचाइजी उनके निर्णय का इंतजार कर रही है। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर है। ऐसे में धोनी की उपलब्धता टीम की रणनीति के लिए अहम है। उनके खेलने पर टीम को भूमिका और जगह तय करनी होगी, जबकि संन्यास लेने पर नए विकेटकीपर और निचले क्रम के बल्लेबाज की तलाश करनी पड़ सकती है।
चोट बनी बड़ी वजह
धोनी के आईपीएल भविष्य पर सवाल उठने की एक बड़ी वजह उनकी फिटनेस है। पिंडली की समस्या के कारण वह आईपीएल 2026 में चेन्नई की ओर से एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। इससे पहले 2025 के सीजन में उन्होंने 14 मैच खेले और 196 रन बनाए थे। अब सबकी नजरें उनकी मेडिकल रिपोर्ट और दिसंबर से पहले आने वाले फैसले पर हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि माही एक और सीजन खेलेंगे या आईपीएल को अलविदा कह देंगे।






















