मेक्सिको की सेना ने FBI की 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल ड्रग तस्कर फॉस्टो इसिड्रो मेजा को गिरफ्तार किया है। उसे चापो इसिड्रो के नाम से भी जाना जाता है। उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में विशेष कमांडो ने यह कार्रवाई की। ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में चार सैनिकों और सात संदिग्ध हमलावरों की मौत हो गई। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था।
आठ लोग हिरासत में
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस ऑपरेशन में चापो इसिड्रो के दूसरे नंबर के साथी और संगठन के वित्तीय मामलों का हिसाब रखने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें गिरोह के तीन बड़े सदस्य शामिल हैं। सेना ने मौके से .50 कैलिबर राइफल, ग्रेनेड लॉन्चर, ग्रेनेड, अन्य हथियार, ड्रग्स और नकदी बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों को वायुसेना के विमान से राजधानी मेक्सिको सिटी ले जाया गया।
सड़कों पर आगजनी
गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ में तनाव फैल गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, गुआसावे शहर में गोलीबारी के कारण लोगों में दहशत फैल गई। हालात ऐसे बने कि वहां चल रहा एक पेशेवर बेसबॉल मैच रोकना पड़ा। गिरोह के सदस्यों ने कई सड़कों पर गाड़ियों में आग लगा दी और रास्ते बंद कर दिए। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी।
अमेरिका तक नेटवर्क
44 वर्षीय फॉस्टो इसिड्रो मेजा बेल्ट्रान लेवा गिरोह का कथित प्रमुख है। यह संगठन सिनालोआ कार्टेल के एक गुट के साथ मिलकर काम करता है। FBI के मुताबिक, उसका गिरोह अमेरिका में हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटेनाइल और गांजे की बड़ी मात्रा पहुंचाता था। नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में मेजा के खिलाफ मेक्सिको और अमेरिका दोनों देशों में मामले दर्ज हैं।
चार सैनिकों की मौत
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए सेना पर हमला किया था। इसके बाद दोनों पक्षों में गोलीबारी हुई, जिसमें सुरक्षा अभियान के लिए भेजे गए चार सैनिक मारे गए। इस कार्रवाई को ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद हुई आगजनी और हिंसा ने एक बार फिर संगठित अपराध गिरोहों से निपटने की चुनौती सामने रख दी है।












