Dhirendra Shastri’s Religious Event Cancelled in Agra: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की धर्मसभा शनिवार को आगरा में होनी थी। लेकिन आयोजन से मात्र एक घंटे पहले इसे रद्द कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन ने इसकी वजह अनुमति से अधिक भीड़ जुटना बताया। बीएसएनएल ग्राउंड पर इस कार्यक्रम के लिए दो हजार लोगों की अनुमति दी गई थी, लेकिन दस हजार से ज्यादा लोग कार्यक्रम में पहुंच गए। भीड़ ज्यादा होने से व्यवस्था बिगड़ने का खतरा था।
पुलिस ने कार्यक्रम कर दिया निरस्त
धर्मसभा रद्द होने के बाद आगरा के 46 वर्षीय पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार चर्चा में आ गए। लोग गूगल पर उनके बारे में सर्च कर रहे हैं और जानना चाह रहे हैं कि कौन हैं दीपक कुमार। दरअसल, वे 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले दीपक कुमार का जन्म 16 अप्रैल 1979 को हुआ। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए ऑनर्स और एलएलबी की पढ़ाई की। इसके बाद बिना कोचिंग लिए यूपीएससी की परीक्षा पास की। उन्होंने अप्रैल 2025 में आगरा पुलिस कमिश्नर का चार्ज संभाला। इससे पहले 2023 से वे आगरा आई रेंज में तैनात थे।
जॉइनिंग के बाद बदमाशों पर सख्ती
पुलिस कमिश्नर का चार्ज लेते ही उन्होंने अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। महज 18 दिनों में 15 एनकाउंटर किए गए। उनकी तेज कार्रवाई से बदमाशों में खलबली मच गई। अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ वे लगातार काम कर रहे हैं।
धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश
दीपक कुमार ने बड़े धर्मांतरण गैंग का भंडाफोड़ किया। यह गैंग आगरा, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में सक्रिय था। उन्होंने गिरोह के सरगना अब्दुल रहमान समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस कार्रवाई से कई राज्यों में धर्मांतरण के खेल पर रोक लगी।
धीरेंद्र शास्त्री को दी जानकारी
धर्मसभा को निरस्त करने से पहले पुलिस कमिश्नर ने खुद फोन करके धीरेंद्र शास्त्री को इसकी जानकारी दी थी। छह सितंबर को कार्यक्रम तारघर मैदान में होने वाला था, लेकिन बारिश के कारण मैदान में पानी भर गया। इसके बाद आयोजन स्थल बदलकर बीएसएनएल ग्राउंड कर दिया गया। सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी दी गई। फिर भी भीड़ ज्यादा हो गई, जिससे व्यवस्था प्रभावित होने लगी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने कार्यक्रम निरस्त कर दिया।
दीपक कुमार की इस कार्रवाई से प्रशासन की सख्ती और जिम्मेदारी साफ दिखाई देती है। उनकी कार्यशैली और तेज निर्णय लेने की क्षमता ने उन्हें खास पहचान दिलाई है। अब पूरे देश में लोग उनके काम की चर्चा कर रहे हैं।