CM Yogi tour: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अलीगढ़ और आगरा के दौरे पर हैं, जहां वे करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अलीगढ़ में सीएम योगी 1194.75 करोड़ रुपये की 188 परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिसमें रामघाट-कल्याण मार्ग को फोरलेन में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना भी शामिल है। इसके बाद वे आगरा में आगरा विकास प्राधिकरण की बहुप्रतीक्षित ‘अटलपुरम’ टाउनशिप का शुभारंभ करेंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
अलीगढ़ को मिली 1194 करोड़ की विकास सौगात
CM Yogi आदित्यनाथ ने आज सुबह 9:50 बजे अलीगढ़ के आईटीआई मैदान स्थित हेलीपैड पर आगमन किया। वहां से वे सीधे कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां मंडल के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अधिकारियों के साथ बैठकें कर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने 1194 करोड़ 75 लाख रुपये की 188 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं में रामघाट-कल्याण मार्ग को फोरलेन बनाने की महत्वाकांक्षी योजना भी शामिल है, जिसकी घोषणा दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार के दौरान की गई थी। यह परियोजना लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी। जनसभा में उन्होंने छात्रों को टैबलेट वितरित किए और कई लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रमाण पत्र भी सौंपे।
आगरा में ‘अटलपुरम’ टाउनशिप की शुरुआत
अलीगढ़ दौरे के बाद CM Yogi दोपहर 1:40 बजे हेलिकॉप्टर से आगरा पहुंचे। यहां वे आगरा विकास प्राधिकरण की आवासीय योजना ‘अटलपुरम’ का शुभारंभ करेंगे। यह टाउनशिप आगरा शहर की तेजी से बढ़ती आवासीय जरूरतों को पूरा करने और शहरी विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा करेंगे और आगरा की जनता को संबोधित करेंगे। अटलपुरम योजना के तहत आगामी वर्षों में हजारों परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
प्रशासनिक तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद
सीएम योगी के इस दौरे को लेकर अलीगढ़ और आगरा के प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। दोनों शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अमले को पूरी तरह से तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा कुल 3 घंटे 50 मिनट का है, जिसमें वे अलीगढ़ में 2 घंटे 25 मिनट और आगरा में शेष समय बिताएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम को लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मर चुकी महिला के अकाउंट में आया खजाना! अरबों-खरबों नहीं, सीधे नाप के बाहर रकम… पूरा गांव हैरान