Air India : एअर इंडिया की एक और अंतरराष्ट्रीय उड़ान में तकनीकी परेशानी की खबर सामने आई है। मुंबई से अमेरिका के नेवार्क के लिए रवाना हुई फ्लाइट AI191 को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के चलते वापस मुंबई एयरपोर्ट लाया गया। पायलट ने सूझबूझ से काम लेते हुए समय रहते फैसला लिया और विमान को सुरक्षित तरीके से वापस मुंबई ले आए।
यह घटना बुधवार, 22 अक्टूबर की है। एयर इंडिया का यह विमान रात 1:14 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था, लेकिन लगभग 30 मिनट बाद ही तकनीकी दिक्कत के संकेत मिलने लगे। इसके बाद पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को वापस लाने का निर्णय लिया और विमान ने तड़के करीब 3 बजे आपात लैंडिंग की। घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है। वहीं, यात्रियों को ज्यादा असुविधा न हो, इसके लिए एयर इंडिया द्वारा वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे अपनी यात्रा जारी रख सकें।
लगातार देखी जा रहीं तकनीकी समस्याएं
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है जब एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी की खबर आई हो। इससे पहले 16 जून को हांगकांग से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। इसके बाद 21 जुलाई को दिल्ली से कोलकाता जा रही उड़ान में भी ऐसी ही समस्या सामने आई थी।
यह भी पढ़ें : कौन हैं पूर्व DGP मुस्तफा, जिनकी love story को बेटे ने मौत से …
एअर इंडिया को लेकर सबसे गंभीर घटना 12 जून को हुई थी, जब एक इंटरनेशनल फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ के कुछ समय बाद ही क्रैश हो गई थी। यह विमान लंदन के लिए रवाना हुआ था और इसमें 242 यात्री सवार थे। हादसे में 241 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति चमत्कारिक रूप से बच गया। यह विमान टेकऑफ के तुरंत बाद एक मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकरा गया था, जिससे आसपास मौजूद अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए।