Motor Insurance New Rules: कार और बाइक का बीमा कराने वाले वाहन मालिकों के लिए 15 दिसंबर से नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसके तहत बीमा कंपनियों को पॉलिसी में हर सुरक्षा कवर का प्रीमियम अलग-अलग बताना होगा। मोटर इंश्योरेंस को चार श्रेणियों में बांटा जाएगा। इनमें थर्ड पार्टी लायबिलिटी, यात्रियों और कर्मचारियों की कानूनी देनदारी, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और अपनी गाड़ी को होने वाले नुकसान का कवर शामिल है। कुछ कवर अनिवार्य होंगे, जबकि बाकी विकल्प के तौर पर उपलब्ध रहेंगे।
थर्ड पार्टी रहेगा जरूरी
सार्वजनिक सड़क पर वाहन चलाने के लिए थर्ड पार्टी बीमा पहले की तरह अनिवार्य रहेगा। इससे वाहन से किसी दूसरे व्यक्ति की मौत, चोट या संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर कानूनी देनदारी पूरी की जाती है। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अलग कवर मिलेगा, जिसके लिए अतिरिक्त प्रीमियम देना होगा। हालांकि वाहन मालिक, उसके माता-पिता, पति-पत्नी और बच्चों को इस श्रेणी में शामिल नहीं किया गया है।
दुर्घटना कवर के नए नियम
निजी व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत वाहन के मालिक के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा अनिवार्य होगा। अन्य यात्रियों के लिए यह वैकल्पिक रहेगा। कंपनी या फर्म के नाम पर पंजीकृत वाहनों पर मालिक के लिए यह अनिवार्यता लागू नहीं होगी। पहले से व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा रखने वाले निर्धारित शर्तों पर छूट ले सकेंगे। वहीं, अपनी कार या बाइक को दुर्घटना, आग और अन्य बीमित परिस्थितियों में हुए नुकसान से बचाने के लिए ओन डैमेज कवर अलग से लेना होगा।
ग्राहक की सहमति जरूरी
नई व्यवस्था में ग्राहक को कस्टमर ऑप्शन फॉर्म भरकर बताना होगा कि वह कौन-कौन से बीमा कवर लेना चाहता है। ऑनलाइन पॉलिसी में ओटीपी से सहमति की पुष्टि होगी। बीमा कंपनियों को ग्राहक सूचना पत्रक भी देना होगा। पहले से थर्ड पार्टी बीमा रखने वाले लोग पॉलिसी की अवधि में अतिरिक्त कवर जुड़वा सकेंगे। इसके लिए पुरानी पॉलिसी रद्द कराने की जरूरत नहीं होगी। नई पॉलिसियां बीमा सुगम प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होंगी। विशेषज्ञ विपिन कुमार शुक्ला के मुताबिक, अलग-अलग प्रीमियम की जानकारी मिलने से ग्राहक बेहतर फैसला ले सकेंगे और क्लेम के समय विवाद कम होंगे।

