Huge Demand: टाटा की कौन सी SUV की है जबरदस्त डिमांड, तीन महीने 20 हजार से ज्यादा बिकी , ग्राहकों की बनी पहली पसंद

टाटा सिएरा को लॉन्च के बाद शानदार रिस्पॉन्स मिला है। तीन महीने से कम समय में 20 हजार से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। दमदार लुक, फीचर्स और इंजन ऑप्शन इसे ग्राहकों की पसंद बना रहे हैं।

Tata Sierra SUV sales India

Tata Sierra SUV Huge Demand:टाटा मोटर्स की नई एसयूवी सिएरा को बाजार में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस कार को पिछले साल नवंबर में लॉन्च किया गया था, जबकि इसकी बिक्री इस साल जनवरी के बीच में शुरू हुई थी। खास बात यह है कि बिक्री शुरू होने के कुछ ही महीनों में कंपनी 20 हजार से ज्यादा यूनिट्स की डिलीवरी कर चुकी है। यह जानकारी कंपनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए साझा की है।

शुरुआती दिनों में ही बड़ा धमाका

नई सिएरा को ग्राहकों का इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला कि लॉन्च के पहले 24 घंटों में ही इसे 70 हजार से ज्यादा बुकिंग मिल गई थी। इससे साफ हो गया था कि यह एसयूवी बाजार में आते ही धूम मचाने वाली है। पहले महीने में ही इसकी 7003 यूनिट्स बिक गई थीं, जो किसी भी नई कार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

कम समय में हासिल किया बड़ा मुकाम

मार्च की शुरुआत तक इस एसयूवी की बिक्री 10 हजार यूनिट्स के पार पहुंच गई थी। यानी महज छह हफ्तों में ही कंपनी ने यह बड़ा आंकड़ा छू लिया। इसके बाद मार्च के आखिर तक कंपनी ने अगले 10 हजार यूनिट्स की डिलीवरी भी पूरी कर ली। इस तरह कुल मिलाकर तीन महीने से भी कम समय में 20 हजार से ज्यादा सिएरा सड़कों पर उतर चुकी हैं।

वेरिएंट और कीमत की जानकारी

नई टाटा सिएरा कुल सात वेरिएंट में आती है, जिसमें स्मार्ट+, प्योर, प्योर+, एडवेंचर, एडवेंचर+, अकम्प्लिश्ड और अकम्प्लिश्ड+ शामिल हैं। इसकी शुरुआती कीमत 11.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जो इसे मिड-रेंज एसयूवी सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनाती है।

डिजाइन ने जीता दिल

इस एसयूवी की सबसे बड़ी खासियत इसका स्टाइलिश और दमदार लुक है। इसका डिजाइन पुरानी सिएरा से प्रेरित है, जिसे ग्राहकों ने काफी पसंद किया है। फ्रंट में एलईडी लाइट बार दी गई है, जो इसे मॉडर्न लुक देती है। इसके अलावा फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल, बड़ा पैनोरमिक रियर ग्लास और पीछे की तरफ पतली एलईडी टेल लाइट्स इसे और आकर्षक बनाती हैं।

इंटीरियर में मिलते हैं प्रीमियम फीचर्स

अंदर की तरफ भी यह एसयूवी काफी शानदार और आरामदायक है। इसमें ट्रिपल स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जिससे ड्राइविंग अनुभव और बेहतर हो जाता है। साथ ही वायरलेस ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, डॉल्बी एटमॉस साउंड, 12-स्पीकर जेबीएल ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, पावर टेलगेट, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस चार्जिंग, एम्बिएंट लाइटिंग और पैनोरमिक सनरूफ जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। सुरक्षा के लिए इसमें लेवल 2 ADAS फीचर भी मौजूद है।

इंजन और परफॉर्मेंस ऑप्शन

नई सिएरा में तीन इंजन विकल्प दिए गए हैं। पहला 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन है, जो 104 हॉर्सपावर और 145 एनएम टॉर्क देता है। दूसरा टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 158 हॉर्सपावर और 255 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। तीसरा 1.5 लीटर डीजल इंजन है, जिसमें 116 हॉर्सपावर और 280 एनएम टॉर्क मिलता है।

पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन में मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है, जबकि टर्बो पेट्रोल इंजन केवल ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है।

Exit mobile version