Used Car Buying Tips: पुरानी कार खरीदने से पहले उसके एग्जॉस्ट से निकलने वाले धुएं को जरूर देखें। इंजन गर्म होने के बाद भी लगातार सफेद धुआं निकलना कूलेंट के इंजन में पहुंचने का संकेत हो सकता है। नीला धुआं इंजन ऑयल जलने और काला धुआं फ्यूल या एयर सप्लाई सिस्टम में गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। हालांकि, केवल धुएं के रंग से खराबी तय नहीं होती। इसके लिए मैकेनिक से जांच करवाएं।
आवाजों पर दें ध्यान
कार की टेस्ट ड्राइव के दौरान इंजन और दूसरे हिस्सों की आवाज ध्यान से सुनें। खट-खट, घर्र-घर्र या चीं-चीं जैसी असामान्य आवाज सस्पेंशन, व्हील बेयरिंग, क्लच या ब्रेक की खराबी का संकेत हो सकती है। इसके अलावा, कार स्टार्ट करने के बाद चेक इंजन, ऑयल प्रेशर और बैटरी की वार्निंग लाइट लगातार जलती रहे, तो उसकी वजह जरूर पता करें।
बॉडी के निशान जांचें
कार के बोनट, दरवाजों और डिग्गी के बीच गैप बराबर है या नहीं, इसकी जांच करें। पेंट के रंग और फिनिश में अंतर मिलने पर उस हिस्से की पुरानी मरम्मत या दोबारा पेंटिंग की आशंका हो सकती है। कार के अलग-अलग शीशों पर लिखे मैन्युफैक्चरिंग ईयर में भी अंतर देखें। ये संकेत पुराने रिपेयर की जानकारी दे सकते हैं, लेकिन एक्सीडेंट की पुष्टि के लिए प्रोफेशनल इंस्पेक्शन जरूरी है।
सर्विस रिकॉर्ड जरूर देखें
कार की सर्विस हिस्ट्री, मेंटेनेंस बिल और टायरों की स्थिति जांचें। टायर एक तरफ से ज्यादा घिसे हों तो अलाइनमेंट या सस्पेंशन में समस्या हो सकती है। टेस्ट ड्राइव के दौरान ब्रेक, क्लच, गियर और स्टेयरिंग की कार्यक्षमता परखें। खरीदने से पहले भरोसेमंद मैकेनिक से प्री-परचेज इंस्पेक्शन और कंप्यूटर स्कैनिंग करवाना बेहतर रहेगा।
कार पसंद आने पर जल्दबाजी में एडवांस पेमेंट न करें। उसकी आरसी, इंश्योरेंस, सर्विस रिकॉर्ड और मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच करें। खरीदारी से पहले बरती गई थोड़ी सी सावधानी आपको भविष्य में होने वाले बड़े खर्च से बचा सकती है।

