Volkswagen India अपनी लोकप्रिय सेडान Virtus का फेसलिफ्ट मॉडल भारतीय बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसका पहला टीजर जारी कर दिया है, जिससे कार के नए डिजाइन की झलक सामने आ गई है। लंबे समय से इस कार को देश के अलग-अलग हिस्सों में टेस्टिंग के दौरान देखा जा रहा था। अब टीजर सामने आने के बाद इसके एक्सटीरियर में होने वाले बदलावों की जानकारी मिल गई है।
नई Volkswagen Virtus Facelift में फ्रंट बंपर, अलॉय व्हील, GT बैजिंग और रियर लाइटिंग को अपडेट किया गया है। इसके अलावा केबिन में भी कई नए फीचर्स मिलने की उम्मीद है। सबसे बड़ा बदलाव इसके ऑटोमैटिक गियरबॉक्स में देखने को मिल सकता है।
फ्रंट में नया अंदाज
टीजर में नई Virtus का फ्रंट प्रोफाइल पहले के मुकाबले ज्यादा आकर्षक और स्पोर्टी दिखाई दे रहा है। कंपनी ने इसमें स्लिम हेडलैंप डिजाइन को बरकरार रखा है। हालांकि, हेडलैंप के चारों ओर नए LED DRL दिए गए हैं, जो कार को अलग पहचान देते हैं।
दोनों हेडलैंप के बीच पतली अपर ग्रिल दी गई है। इसके एक तरफ GT बैजिंग भी दिखाई देती है। वहीं, फ्रंट बंपर को पहले से ज्यादा अग्रेसिव बनाया गया है। इसमें ज्योमेट्रिक पैटर्न वाला चौड़ा लोअर एयर इनटेक दिया गया है। बंपर के किनारों पर स्कल्प्टेड डिजाइन और हॉरिजॉन्टल एलिमेंट्स मिलते हैं। फॉग लैम्प की जगह भी हॉरिजॉन्टल इंसर्ट दिए गए हैं।
नहीं मिली LED पट्टी
टीजर जारी होने से पहले चर्चा थी कि नई Virtus में कनेक्टेड LED लाइट स्ट्रिप और रोशनी वाला Volkswagen लोगो मिल सकता है। हालांकि, कंपनी के टीजर में ऐसा देखने को नहीं मिला है। इसमें दोनों हेडलैंप के भीतर अलग-अलग LED DRL दिए गए हैं और उनके बीच पारंपरिक ग्रिल मौजूद है।
साइड में क्या बदला?
टीजर में कार को ब्लू एक्सटीरियर कलर में दिखाया गया है। इसमें डार्क अलॉय व्हील और ब्लैक आउटसाइड रियर-व्यू मिरर दिए गए हैं। नए एंगुलर डिजाइन वाले अलॉय व्हील इसके लुक को पहले से ज्यादा स्पोर्टी बनाते हैं।
हालांकि, कार की शोल्डर लाइन, डोर हैंडल और ढलान वाली रूफलाइन में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। इन्हें पहले की तरह ही रखा गया है। इसके अलावा सिंगल-पेन सनरूफ और शार्क-फिन एंटीना भी देखने को मिला है।
पीछे भी नए बदलाव
Virtus Facelift के रियर प्रोफाइल को भी अपडेट किया गया है। इसमें स्प्लिट टेललैंप असेंबली के भीतर रेड LED लाइटिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं। टेललैंप का कुछ हिस्सा बूट लिड तक जाता दिखाई देता है। दोनों तरफ की लाइटिंग के बीच डार्क हॉरिजॉन्टल सेक्शन दिया गया है।
बूट पर लिप स्पॉइलर मिलता है, जो कार के स्पोर्टी लुक को बढ़ाता है। वहीं, रियर बंपर के निचले हिस्से में डार्क इंसर्ट और पैटर्न वाली डिटेलिंग दी गई है। पीछे पार्किंग सेंसर, बीच में Volkswagen का लोगो और निचले दाहिने हिस्से में GT ब्रांडिंग भी दिखाई देती है।
केबिन में मिलेंगे फीचर्स
कंपनी ने अभी तक इसके इंटीरियर की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, उम्मीद है कि फेसलिफ्ट मॉडल में नए अपहोल्स्ट्री और अपडेटेड इंटीरियर ट्रिम दिए जा सकते हैं। इसके अलावा मौजूदा इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह बड़ा 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है। बेहतर पार्किंग सुविधा के लिए इसमें 360 डिग्री कैमरा भी दिए जाने की संभावना है।
नया गियरबॉक्स बनेगा खास
नई Virtus Facelift में सबसे बड़ा मैकेनिकल बदलाव ऑटोमैटिक गियरबॉक्स को लेकर हो सकता है। कंपनी इसमें मौजूदा 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की जगह नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दे सकती है।
इसमें दो अतिरिक्त गियर रेशियो मिलने से इंजन की पावर और रफ्तार के अनुसार गियर बदलने में मदद मिलेगी। इससे ड्राइविंग अनुभव ज्यादा स्मूद और आरामदायक हो सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दिसंबर में हो सकती है लॉन्च
Volkswagen Virtus Facelift का टीजर सामने आने के बाद भारतीय बाजार में इसकी लॉन्चिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उम्मीद है कि कंपनी दिसंबर 2026 में इसे भारत में लॉन्च कर सकती है। नए डिजाइन, संभावित फीचर्स और 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ यह सेडान मौजूदा मॉडल से कितनी अलग होगी, इसका खुलासा लॉन्च के समय होगा।

