Site icon News1India

Aligarh Smart City: भ्रष्टाचार की भेट चढ़ा 13 करोड़ रुपए, बूंदों में बिखर गई ‘स्मार्ट सड़क’

अलीगढ़ स्मार्ट सिटी अलीगढ़ में 13 करोड रुपए की लागत से बनी 4 सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। 15 दिन में ही सड़कों में हुए गहरे गड्ढे, गिट्टी उखड़ कर आई ऊपर, नगर निगम द्वारा कर्मचारियों को रोड पर लगाकर उखड़ी हुई गिट्टी को इकट्ठा किया जा रहा है, जिससे कि भ्रष्टाचार के सबूत मिट जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर आनन-फानन में पानी के बिना निकासी के ही सड़कों का निर्माण करा दिया गया था। जिसके बाद अब अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से बचते हुए नजर आ रहे हैं। बड़ा सवाल फिर वही उठता है भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ कब तक और क्या कार्रवाई होगी।

दरअसल, शहर को स्मार्ट सिटी में चयनित हुए लंबा समय बीत गया है। सरकार शहर को स्मार्ट बनाने के लिए करोड़ों रुपए का बजट भी जारी कर चुकी है। बजट जारी होने के बाद धरातल पर विकास कार्य होते हुए भी नजर आ रहे हैं। मगर इन विकास कार्यों पर सवालिया निशान जरूर खड़े हो रहे हैं। क्योंकि ज्यादातर विकास कार्यों में घोटाले की बू सामने देखने को मिल रही है। यानी अधिकारी और ठेकेदारों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार जमकर हो रहा है।

अलीगढ़ में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आने वाले है। इसी कार्यक्रम को लेकर अधिकारी भी सतर्क नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आने की सूचना पर नगर निगम भी विकास कार्य कराने में जुट गया है। इसी के तहत घंटाघर से यूनिवर्सिटी सर्किल, यूनिवर्सिटी सर्किल से डीएम ऑफिस, डीएम ऑफिस से घंटाघर तक, 4 सड़कों का 13 करोड़ रुपए की लागत से 15 दिन पहले निर्माण कार्य कराया गया था। सड़क बन कर तैयार ही हुई थी कि इसी दौरान अलीगढ़ में पड़ी बारिश ने भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। यानी सड़के उखड़ कर बेकार हो गई और गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं।

सबसे खास बात यह देखने को मिल रही है कि सड़कों पर जिस गिट्टी का प्रयोग किया गया था। वह गिट्टी उखड़ गई है। उखड़ी हुई गिट्टी भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है। अब भ्रष्टाचार के सबूत मिटाने के लिए नगर निगम द्वारा गिट्टी को मजदूरों के द्वारा इकट्ठा कराया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम पर कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने के लिए कैमरे के सामने तैयार नहीं है। सबसे खास बात यह भी देखने को मिली है कि सड़क निर्माण से पहले नाली का निर्माण नहीं कराया गया था। इसी के चलते बारिश का पानी रोड पर जमा हो गया था, और सड़कों ने भ्रष्टाचार की कलाई खोल दी है।

स्थानीय निवासी राजेश कुमार सैनी ने जानकारी देते हुए बताया है कि यह जनता की गाढ़ी कमाई पर खुलकर भ्रष्टाचार हो रहा है। कुछ दिन पहले बनी सड़कें उखड़ गई, इससे बड़ी दुख की कोई बात नहीं हो सकती। शहर का सत्यानाश हो रहा है, स्मार्ट सिटी के नाम पर मामा फूफी सब मिलकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। यह अलीगढ़ की जनता के लिए बहुत दुख की बात है। ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्यवाही होना बेहद जरूरी है।

Exit mobile version