Site icon News1India

Bulandshahr: कोर्ट से थाने जा रहा था दरोगा, बीच रास्ते में दंबगों ने छोड़ा कुत्ता, वर्दी फाड़ कर की पिटाई, 6 पर FIR

एक ओर जहां योगी सरकार सूबे में गुंडे-माफियाओं को मिट्टी में मिलाने की बात कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का भी डर नहीं। बेखौफ बदमाश पुलिस पर ही हमला बोल देते हैं। ताजा बुलंदशहर के खानपुर थाने का है। जहां थाने में तैनात दरोगा पर दबंगों ने कुत्ता छोड़ दिया।  कुत्ते ने दरोगा पर जानलेवा हमला कर दिया। जब दरोगा ने इसका विरोध किया तो आधा दर्जन बदमाशों ने दरोगा से जमकर मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। घायल दरोगा को पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। वहीं पीड़ित दरोगा ने आधा दर्जन हमलावरों के खिलाफ खानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर दी है।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि पीलीभीत निवासी दरोगा नईम अख्तर जनपद बुलंदशहर के खानपुर थाने में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि 13 मार्च की शाम को दरोगा सरकारी काम कर बाइक से कांस्टेबल के साथ खानपुर थाने लौट रहे थे, तभी रास्ते में गालिमपुर गांव में दबंगों ने दरोगा की बाइक पर कुत्ता छोड़ दिया।

इस दौरान दरोगा नईम अख्तर की बाइक गिरते-गिरते बची। दरोगा ने जैसे ही कुत्ता छोड़ने का विरोध किया तो दबंगों ने दरोगा पर धावा बोल दिया। वह गाली-गलौज करते हुए हाथापाई और मारपीट पर उतर आए। जिससे दरोगा की वर्दी फट गई। पीड़ित दरोगा का कहना है कि वह न्यायालय से सरकारी काम कर खानपुर थाने लौट रहे थे। इस दौरान दबंगों ने दरोगा की पिटाई कर उनकी लोक व्यवस्था छिन्न-भिन्न कर दिया।

6 आरोपियों पर केस दर्ज

इस बीच एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक नईम अख्तर की तहरीर पर खानपुर थाने में यतिन पुत्र बबली, रिंकू पुत्र वीरेंद्र, अभिकल पुत्र धर्मवीर और तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 147, 332, 353, 504, 506 आईपीसी और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों पर खानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को सख्त विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version