Site icon News1India

सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सायरस मिस्त्री का मुंबई में मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार

मुंबई। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 10 बजे मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर किया जाएगा। सोमवार सुबह सायरस मिस्त्री और जहांगरी पंडोल का मुंबई के जेजे अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। जिसके बाद दोनों शवों को जेजे अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है।

दरअसल, रविवार को गुजरात से मुंबई आते समय पालघर में एक सडक़ हादसे में सायरस मिस्त्री और जहांगरी पंडोल की मौत हो गई थी। कार में सायरस मिस्त्री के अलावा जहांगीर पंडोल, स्त्री रोग विशेष अनायता पंडोल व उनके पति डेरियस पंडोल सवार थे। कार अनायता चला रहीं थीं। उनके साथ उनके पति डेरियस आगे बैठे हुए थे। वहीं सायरस मिस्त्री और जहांगीर पीछे की सीट पर बैठे हुए थे। हादसे में अनायता पंडोल व उनके पति डेरियस पंडोल भी घायल हो गई थी। दोनों घायलों को पालघर जिला अस्पताल से वापी के अस्पताल में शिफ्ट किया गया था लेकिन अब दोनों को वापी से मुंबई लाया जा रहा है। मुंबई में इन दोनों को किस अस्पताल में भर्ती करवाया जाएगा, यह अभी तय नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार हादसा कासा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सूर्या नदी पुल पर चरोटी नाका में हुआ। मिस्त्री की कार डिवाइडर से टकराने के बाद रिटेंशन वॉल से जा भिड़ी। हादसे में सायरस मिस्त्री और जहांगीर पंडोल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी और अनायता पंडोल और डेरियस पंडोल घायल हो गए थे। यह हादसा तेज गति से गाड़ी चलाने से हुआ और सीट बेल्ट न पहनने की वजह से सायरस मिस्त्री की जान गई। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

Exit mobile version