नई दिल्ली: रेलवे स्टेशन (New Delhi railway station) के प्लेटफार्म नंबर 8-9 पर बने एक कमरे में महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रेलवे के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी रेलवे में इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारी हैं। इनमें से दो पर महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है, जबकि दो अन्य कर्मचारी वहां पर आरोपियों के साथ मौजूद थे। पूरे मामले की छानबीन रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही है।
पार्टी देने के बहाने बुलाया
आरोपी द्वारा बुलाने पर पीड़िता रात करीब साढ़े दस बजे मेट्रो के जरिए कीर्ति नगर आई। जहां से आरोपी पीड़िता को प्लेटफार्म 8-9, एनडीआरएस पर ले गया। वहां इलेक्ट्रिक मेंटेनेंस कर्मचारियों के साथ एक छोटे से रूम में बैठने के लिए कहा। थोड़ी देर बाद आरोपी लड़का और उसका दोस्त कमरे के अंदर आए और उसे अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ रेप किया। उसके दो साथी कमरे के बाहर पहरा दे रहे थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
28 वर्षीय पीड़िता का परिवार फरीदाबाद में रहता है। वारदात के बाद उन्होंने महिला को धमकी देकर वहां से भगा दिया। बाहर निकलने के बाद महिला ने पुलिस (Delhi Police) को कॉल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसने पुलिस को अपने तीन अन्य साथियों के बारे में बताया। जिसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान जगदीश, मंगल, विनोद और सतीश के रूप में हुई है। वारदात के समय चारों शराब के नशे में थे। रेलवे पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों पर धारा 376D/342 IPC के तहत FIR दर्ज की गई है।
Read Also – Kanwar Yatra 2022: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर डंपर ने कांवड़ियों को रौंदा,5 की दर्दनाक मौत