Site icon News1India

Elections 2024: चुनावी प्रचार के लिए BJP ने लिया राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण का सहारा, मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनवाने के लिए बनाया ये प्लान

यूूपी। लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के जरिए भाजपा प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियों की बिसात बिछाने में जुट गई है। पार्टी ने शक्ति केंद्र स्तर पर अभिभाषण पर संगोष्ठी आयोजित कर दस करोड़ लोगों तक मोदी सरकार की नौ सालों की उपलब्धियां पहुंचाएगी। पार्टी ने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।

24 पेज के अभिभाषण को पढ़कर सुनाएंगे चार कार्यकर्ता

लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से पढ़े गए अभिभाषण में मोदी सरकार की नौ सालों की सभी उपलब्धियों का जिक्र किया। इसमें देश की सामाजिक, आर्थिक तरक्की से लेकर विदेश नीति, देश की आतंरिक और  सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी शामिल है। इस कड़ी में पार्टी ने प्रदेश के सभी 27 हजार 634 शक्ति केंद्रों पर अभिभाषण के विषय पर संगोष्ठी का आयोजन शुरू कर दिया है। एक संगोष्ठी में दो सौ लोगों शामिल होंगे। 24 पेज के अभिभाषण को संगोष्ठी में शामिल चार कार्यकर्ता पढ़कर सुनाएंगे हैं। एक कार्यकर्ता को छह पेज पढ़कर सुनाने और उससे संबंधित शंकाओं का समाधान करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

संगोष्ठी में सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को किया जाएगा शामिल

इस दौरान शक्ति केंद्र के दायरे में आने वाले पांच-छह बूथों की बूथ कमेटियां, स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा मोदी-योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया है। इस संगोष्ठी में खासतौर पर लाभार्थियों को लाकर मुफ्त में मिल रहे राशन, आयुष्मान कार्ड से मिल रहे मुफ्त इलाज, पीएम आवास योजना के तहत मिले आवास, उज्जवला योजना के रसोई गैस सिलेंडर, शौचालय, पीएम किसान सम्मान निधि,  राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत मिले रोजगार की उपलब्धियां बताई जाएगी।

संगोष्ठी के दूसरे चरण के लिए भी प्लान तैयार

इस बीच अभियान के प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में शक्ति केंद्र पर संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसके जरिए दस करोड़ लाभार्थियों के बीच मोदी सरकार की उपलब्धियों से उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में बताया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में सरकार की उपलब्धियों को लेकर आम जनता के बीच जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी व महामंत्री संगठन धर्मपाल खुद इस पूरे अभियान की समीक्षा कर रहे हैं।

आदिवासी और दलित समाज को साधने की तैयारी में बीजेपी

वहीं पार्टी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोबिंद के जरिए आदिवासी और दलितों को साधने की तैयारी में लगी है। पार्टी के कार्यकर्ता इन बस्तियों में जाकर बताएंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पद पर पहले दलित और अब आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को निर्वाचित कराया। द्रौपदी मुर्मू पहली ऐसी आदिवासी महिला हैं जो राष्ट्रपति बनी।

Exit mobile version