Site icon News1India

Ghaziabad: 5वीं की छात्रा से पड़ोसी युवकों ने किया दुष्कर्म, घर की छत पर खेल रही थी मासूम

गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में सोमवार रात घर की छत पर खेल रही दस वर्षीय छात्रा से पड़ोसी किशोर ने दुष्कर्म किया। आरोपी अपने साथी के साथ दीवार फांदकर किशोरी की छत पर पहुंचा था। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी किशोर और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है।

बता दें कि कॉलोनी निवासी व्यक्ति की दस वर्षीय पुत्री कक्षा पांच में पढ़ती है। बताया गया कि सोमवार रात बच्ची छत पर अकेली खेल रही थी। इसी बीच पड़ोसी किशोर अपने साथी की मदद से दीवार फांदकर छत पर पहुंचा जहां उसने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। घटना के वक्त साथी किशोर भी वहीं मौजूद रहा।

घिनौनी करतूत के बाद दोनों आरोपी बच्ची को बदहवास छोड़कर वहां से फरार हो गए। काफी देर तक बच्ची जब नीचे नहीं आई तो पिता छत पर पहुंचे। वहां बच्ची की हालत देखकर वह सन्न रह गए। बच्ची को चिकित्सक के पास ले जाया गया। होश आने पर बच्ची ने आपबीती बताई तो परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। पिता ने थाने में घटना की तहरीर दी। एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी किशोर और उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

Exit mobile version