Site icon News1India

Govardhan Puja 2022 : भोपाल इस्कान मंदिर में पकवानों से बनेंगे 21 फीट लंबे गिरिराज जी

भोपाल। राजधानी में बुधवार को दीपावली के बाद होने वाली गोवर्धन पूजा की धूम रहेगी। शहर में दो अलग–अलग स्थानों पर गोवर्धन पूजा को लेकर भव्य तैयारियां की गई हैं। इसके तहत इस्कान मंदिर में भक्तों द्वारा घर से लाई गई भोग सामग्री से गोवर्धनजी की 21 फीट लंबी आकृति तैयार की जाएगी। रंगोली के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को साकार किया जाएगा।

उधर छोला दशहरा मैदान में गोवर्धनजी की 15 फीट की मूर्ति आकर्षण का केंद्र रहेगी। यहां पौराणिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी मौजूद रहेंगी। इस्कान भेल के अध्यक्ष रसानंद दास द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस बार गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव इस्कान की भरत नगर स्थित नवनिर्मित गोशाला में दोपहर 12 बजे से मनाया जाएगा। गोशाला प्रांगण में चावल, हलवा, सब्जियां, मेवे, केक, मिठाइयों व अन्य प्रसाद सामग्री से गिरिराज गोवर्धन का 21 फीट लम्बा प्रतिरूप तैयार किया जाएगा।

यह सामग्री भक्तों द्वारा बनाकर लाई जाएगी। भगवान गोवर्धन को भोग चढ़ाने के लिए मंदिर आने वाले भक्त अपने घर से विभिन्न भोग आदि सामग्री बनाकर सुबह 11 बजे तक मंदिर ला सकते हैं। इसे गिरिराजजी को अर्पित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से रसानंद दास जी द्वारा विशेष गोवेर्धन लीला कथा सुनाई जाएगी। कार्यक्रम में गोवर्धन परिक्रमा और गोवंश का पूजन किया जाएगा। इसके बाद भव्य भंडारा होगा।

Exit mobile version