Site icon News1India

Mission 2024: ब्लू प्रिंट के साथ तीन दिनों के लिए नीतीश कुमार पहुंचे दिल्ली, सोनिया और शरद ने नही दिया मिलने का समय

पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने मिशन 2024 को लेकर जो ब्लू प्रिंट तैयार किया है, उसके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली रवाना होंगे। नीतीश आज जनता दरबार कार्यक्रम के बाद यानि दोपहर बाद तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली रवाना होंगे।

दिल्ली में मुख्यमंत्री 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों को गोलबंद करेंगे। साथ ही विपक्ष के नेताओं के साथ 2024 की चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इस दौरान नीतीश कांग्रेस और वामदल समेत कई बड़ी पार्टियों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ अशोक चौधरी, संजय झा और एक अन्य नेता के जाने की जानकारी है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली पहुंचेंगे। आज देर शाम ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से नीतीश कुमार के दिल्ली स्थित सरकारी आवास 6 कामराज लेन पर मुलाकात करेंगे। इसके अलावा मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विपक्ष के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 7 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलेंगे। सोनिया गांधी और शरद पवार से उनके मिलने का समय तय नहीं हो पाया है, क्योंकि ये दोनों दिल्ली से बाहर है। हालांकि, कुछ दिनों पूर्व आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश से तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने बिहार आकर मुलाकात की थी। इस बारे में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केसीआर से सीएम नीतीश की बात नहीं बनी, क्योंकि केसीआर का मानना है कि भाजपा को हराने के लिए एक तीसरा मोर्चा बनाया जाये। हालांकि इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार को 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री कैंडिडेट के तौर पर प्रोजेक्ट किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने कई बार इसका खंडन किया है कि उनकी ऐसी कोई इच्छा नहीं है लेकिन वह ये भी स्पष्ट कह चुके हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। इसके लिए वे विपक्षी एकता को मजबूत करेंगे लेकिन जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें पीएम उम्मीदवार बनाये जाने की संभावना लगातार जतायी जा रही है।

Exit mobile version