Site icon News1India

PM Modi: ‘तिरंगा’ के रंग में रंगे पीएम मोदी, सोशल मीडिया पर देशवासियों से की ये खास अपील

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पिक्चर को बदलते हुए भारतीय ध्वज ‘तिरंगा’ को लगाया है. साथ ही उन्होंने देशवासियों से भी ऐसा करने का आग्रह किया है. राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ को डिजाइन करने वाले महान पिंगली वेंकैया को उनकी जयंती पर याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमें तिरंगा देने के उनके प्रयासों के लिए देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया, आज 2 अगस्त का विशेष दिन है. ऐसे समय में जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, हमारा देश हर घर तिरंगा के लिए तैयार है, जो हमारे तिरंगे को मनाने के लिए एक सामूहिक आंदोलन है. मैंने अपने सोशल मीडिया पेजों पर डीपी बदल दी है और आप सभी से भी ऐसा करने का आग्रह करता हूं.

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मैं महान पिंगली वेंकैया को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हमें तिरंगा देने के उनके प्रयासों के लिए हमारा देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा, जिस पर हमें बहुत गर्व है। तिरंगे से शक्ति और प्रेरणा लेते हुए हम राष्ट्र की प्रगति के लिए कार्य करते रहें।”

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन

पीएम मोदी ने अपने मन की बात के पिछले संस्करण को भी ट्विटर पर शेयर किया है. साथ ही उन्होंने आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत, 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आयोजन का जिक्र किया. इसमें उन्होंने देशवासियों से अभियान का हिस्सा बनने और अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की.

लोगों से घर पर तिरंगा फहराने की अपील- पीएम

प्रधानमंत्री ने मन की बात में कहा था कि आजादी के अमृत उत्सव में हो रहे इन सभी आयोजनों का सबसे बड़ा संदेश यह है कि हम सभी देशवासी पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्य का पालन करें. हम उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार कर पाएंगे. हम उनके सपनों का भारत बना सकेंगे, हमारे अगले 25 साल का ये अमृतकाल हर देशवासी के लिए कर्तव्य काल की तरह है. देश को आज़ाद कराने, हमारे वीर सेनानी, हमें ये जिम्मेदारी देकर गए हैं और हमें इसे पूरी तरह निभाना है.

ये भी पढ़ें – हर घर तिरंगा अभियान में जुटे मेरठ जेल के बंदी, ज़िला कारागार में तैयार किए जा रहे झंडे

Exit mobile version