Site icon News1India

Pratapgarh: प्रतापगढ़ में प्रधान के भतीजे की हत्या, तीसरे दिन भी शव का नहीं हुआ अंतिम संस्कार, थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी हुए निलंबित

जनपद के बाघराय थाना क्षेत्र में बुधवार की रात बाइक से घर लौट रहे प्रधान के भतीजे की हत्या कर दी गई है। बता दें कि जानकारी के अनुसार आरोपियों ने चारपहिया वाहन से टक्कर मारी इसके बाद रॉड एवं लाठियों से पीटकर विशाल को अधमरा कर दिया था। वहीं अब परिजनों का कहना है कि जब तक सीएम योगी यहां नहीं आएंगे तब तक वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बता दें कि आज तीसरा दिन हो चुका है लेकिन अभी तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। परिजन पुलिस की कार्रवाई से नाखुश है और साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया है।

वहीं पुलिस उपाधीक्षक सदर अमरनाथ गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के पत्रकार उमेश पांडे के 20 वर्षीय पुत्र विशाल की बुधवार देर रात बाघराय थाना क्षेत्र के अतरसुई बदली का पुरवा गांव में कार से टक्कर मारकर और लोहे की छड़ से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि हत्या किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में पूर्व ग्राम प्रधान रंग बहादुर समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि इससे पहले चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार के दिन ब्लॉक परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था इस दौरान प्रधान पक्ष के लोगों को ब्लॉक परिसर में ही जमकर मारा पीटा गया था। गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में बाघराय थाने के प्रभारी निरीक्षक अवन दीक्षित को निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version