Site icon News1India

रिश्तेदार के झांसे में आकर शख्स ने गवाएं 57 लाख, पैसे मांगने पर की जमकर पिटाई

मुरादाबाद। मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार प्रापर्टी डीलर पर आरोप लगाया कि आरोपित ने उसे कारोबार से मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 57 लाख रुपये हड़प लिए है। पीड़ित ने जब रकम वापस लौटाने की मांग की तो आरोपित ने बेरहमी से पिटाई कर दी। मंगलवार की रात में SSP हेमंत कुटियाल के आदेश पर पीड़ित की तहरीर पर थाना पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पाकबड़ा थाना क्षेत्र के बुध बाजार निवासी फिरासत हुसैन ने बताया कि लोधीपुर राजपूत गांव निवासी दिलशाद पुत्र रफीक अहमद उसका रिश्तेदार है। वर्ष 2015 व 2017 में पिता हाजी शौकत हुसैन ने दिल्ली में अपना मकान बेच दिया था। मकान बेचने से जो रकम मिली उस पर उनके रिश्तेदार की नजर गड़ गई। धोखा व छल कपट करते हुए दिलशाद ने कहा कि वह पैसा प्रापर्टी में लगाएगा। इससे मोटा मुनाफा होगा। तीन बार में 57,50,000 रुपये दिलशाद को दे दिए। कुछ दिन बाद रिश्तेदार से रकम वापस मांगी। तो, पैसे वापस करने से आरोपी रिश्तेदार ने इन्कार कर दिया। नियत बदलने पर दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। लेकिन फिर भी रकम वापस करने को लेकर दिलशाद झूठ की घुट्टी पिलाता रहा।

01 दिसंबर 2021 को दिलशाद की मुलाकात फिरासत हुसैन से हुई। डेंटल कालेज के समीप कुछ अन्य लोगों के साथ वह खड़ा था। रुकते ही आरोपित हमलावर हो गया और दिलशाद ने रिश्तेदारों संग मिलकर फिरासत से गाली गलौज व मारपीट करने लगा। हालांकि, थाने में दी गई तहरीर वापस लेने का दबाव हमलावर लगातार बना रहे थे। पीड़ित ने एक बार फिर रिश्तेदार की कारगुजारियों से पुलिस को अवगत कराते हुए तहरीर दी है। पीड़ित ने आशंका जताई कि रकम हड़पने के चक्कर में रिश्तेदार हत्या तक कर सकता है। तहरीर के आधार पर पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। वहीं, पाकबड़ा थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version