Site icon News1India

CM योगी के क्षेत्र में पीएम आवास दिलवाने के नाम पर हो रही थी वसूली, जालसाज ऐसे आया गिरफ्त में

महराजगंज। डूडा के जिला समन्वयक देशराज की तहरीर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलवाने पर अवैध वसूली करने की शिकायत पर एक आरोपी के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने का मामला सामने आया है।

सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान मऊ जिले के राजापाकड़ निवासी संजय मद्धेशिया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक डूडा के जिला समन्वयक देशराज ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ लोगों द्वारा प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। जिला समन्वयक ने सभी आरोपियों का नाम-पता भी बताया। इसके बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई।

इस तरह हुआ खुलासा

दरअसल, डूडा ने पीएम आवास के नाम पर अवैध वसूली कराने वालों को चिह्नित कराने के लिए जाल बिछाया था। डूडा के ही एक कर्मचारी ने जालसाजों से संपर्क कर आवास दिलाने की गुजारिश की। झांसे में आए एक जालसाज ने इसके लिए पहले किस्त दिलाने का भरोसा दिलाया, लेकिन इसके लिए किश्त दिलवाने से पूर्व जालसाज ने 27 हजार रुपये की पेशकश की। फिर कर्मचारी अरविंद कुमार ने जालसाज को जिला मुख्यालय बुलाया। नियत तिथि को जालसाज वहां पहुंचे। इस दौरान सदर कोतवाल रवि राय ने दल बल के साथ चारों ओर जाल बिछा रखा था। अरविंद ने जालसाज को जैसे ही 27 हजार रुपया पकड़ाया, वैसे ही जाल बिछायी पुलिस ने जालसाज को हिरासत में ले लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी जालसाज ने बताया है कि उनकी टीम में विनोद कुमार खजूरिया, राकेश धनेवा धनेई, गुलशन मिठौरा आदि शामिल हैं।

Exit mobile version