Site icon News1India

छत के रास्ते घर में घुसे चोर, बटोर ले गए जेवरात व नगदी

औरैया। सहायल थाना क्षेत्र में एक बंद मकान में फिर से चोरी की वारदात सामने आई है। चोर एक बंद मकान में छत का जाल तोड़कर अंदर घुसे और नगदी व जेवरात आदि समेट कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार थाना सहायल क्षेत्र के गांव लहरापुर निवासी बाबिल पाल पुत्र इंद्रभान पाल हरदोई में रेलवे विभाग में कार्यरत है और वहीं रहते हैं। उनका एक भाई अरब कंट्री में प्राइवेट नौकरी करता है। वही भाभी कानपुर में रहकर नौकरी करती हैं। परिजन अपने गांव में मकान की देखभाल के लिए कभी-कभी आते हैं। बताया कि परिजन पिछले 18 सितंबर को घर पर ताला लगाकर गए थे। जिसके बाद शुक्रवार सुबह जब पुनः आए तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी का ताला टूटा हुआ है, उसमें रखे 20 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।

उन्होंने चोरी की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक व सर्विलांस की टीम ने साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि यह मकान 18 सितंबर से 29 सितंबर के बीच बंद रहा है। मकान में कभी कभार लोग आते हैं। बाहर का ताला नहीं टूटा है कहीं पीछे से बदमाश चढ़कर छत पर पहुंचे और जाल तोड़कर अंदर आए। अंदर चोरी की घटना को अंजाम देकर निकल गए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।

Exit mobile version