Site icon News1India

Turkey Earthquake: भूकंप से तुर्की में मची तबाही, 7.8 की तीव्रता से हिलीं इमारतें, अब तक 15 लोगों की मौत

तुर्की में सोमवार को 7.8 तीव्रता वाले भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिसकी वजह से दक्षिण पूर्व तुर्की में भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। जहां कई इमारतें भूकंप के चलते ढ़ह गईं। इसके अलावा 15 लोगों के मारे जाने की भी खबर है। वहीं सीरिया में भी भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं।

मिली जानकारी के अनुसार तुर्की में भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 4:17 बजे आया। जिसकी गहराई जमीन से 17.9 किलोमीटर अंदर थी। भूकंप के झटके तुर्की के गाजियांटेप के पास महसूस किए गए, जिसमें कई इमारतें ढह गईं। समाचार एजेंसी AFP के अनुसार अब तक 15 लोगों के मौत की सूचना मिली है। वहीं तुर्की के ओस्मानिया में 34 इमारतें गिर गई।

इस बीच तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान ने ट्वीट कर कहा कि भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान जारी है। भूकंप के दौरान करीब 6 बार झटके लगे। उन्होंने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों में प्रवेश न करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार भूकंप के झटके लेबनान, सीरिया में भी महसूस किए गए। सीरिया में अलेप्पो और हमा शहर से नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। सिविल डिफेंस की माने तो सीरिया में तुर्की से लगे इलाकों में कई इमारतें गिर गईं। दमिश्क में भी भूकंप के बाद लोग सड़कों पर आ गए। वहीं लेबनान में करीब 40 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।

बता दें कि तुर्की की भौगोलिक स्थिति के कारण अक्सर यहां भूकंप आते रहते हैं। जिसके चलते 1999 से अब तक यहां 18000 लोगों की मौत हो चुकी है। 

Exit mobile version