Site icon News1India

UP Budget 2023: योगी सरकार का महाबजट पेश कर रहे वित्तमंत्री सुरेश खन्ना, पढ़े उनके भाषण की कुछ बड़ी बातें

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना आज अपने दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगे। वित्तमंत्री के भाषण के साथ ही विधानसभा का बजट सत्र हो चुका है। आईए उनके बजट भाषण के प्रमुख बातें हम आपको बताते हैं।

‘देश की जीडीपी में हमारा योगदान 8 प्रतिशत से अधिक’

वित्तमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि उत्तर प्रदेश 24 करोड़ की देश की सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य है। हमारा प्रदेश न केवल भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता और श्रम बाजार है बल्कि गंगा के उपजाऊ मैदानों के किनारे प्रदेश में प्रचुर प्राकृतिक संसाधन भी विद्यमान हैं। वहीं देश की जीडीपी में हमारा योगदान 8 प्रतिशत से अधिक का हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे यह बताते हुए हर्ष है कि वर्ष 2021-2022 में प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी में 16.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जो देश की विकास दर से अधिक रही।

‘प्रदेश की बेरोजगारी दर घटकर लगभग 4.2 प्रतिशत रह गई’

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लिए जीएसडीपी में वृद्धि की दर 19 प्रतिशत अनुमानित की गई है। वैश्विक मंदी के दौर में भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की विकास दर उत्साहजनक है।

वर्ष 2017 के पहले  प्रदेश की बेरोजगारी दर 14.4 प्रतिशत थी। लेकिन आज यह घटकर लगभग 4.2 प्रतिशत रह गई है। यह प्रदेश की बड़ी और एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

‘GIS-2023 में 25,000 से अधिक निवेशकों ने लिया हिस्सा‘

उन्होंने अपने भाषण में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 10-12 फरवरी, 2023 के मध्य यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का भव्य और अत्यन्त सफल आयोजन किया गया। इस समिट के आयोजन के पहले प्रदेश सरकार के तमाम मंत्रियों और अधिकारियों के प्रतिनिधि मण्डल 16 देशों के 21 शहरों में भेजे गए। जहां उनके द्वारा व्यापारिक समुदाय को प्रदेश में निवेश की संभावनाओं के संबंध में अवगत कराया।

इसी थीम पर रोड शो आयोजित किये गए। इन देशों में अमेरिका, कनाडा, यूके जर्मनी, फ्रांस, मैक्सिको, ब्राजील, बेल्जियम, स्वीडन, नीदरलैण्ड्स, अर्जेन्टीना, सिंगापुर, जापान, दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।

इस कड़ी में राज्य सरकार ने भारत के 8 प्रमुख नगरों मुम्बई, बंगलूरू, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और चण्डीगढ़ में रोड शो किया। जिसके परिणामस्वरूप यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में 25,000 से अधिक निवेशकों ने हिस्सा लिया।

Exit mobile version