Bihar Election 2025: आज शाम 4 बजे बजे होगा तारीखों का ऐलान, तीन चरणों में हो सकता है मतदान

अब सबकी निगाहें शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। बिहार की सियासी जमीन पर अब चुनावी जंग की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही नेताओं की रैलियों, गठबंधनों और रणनीतियों का दौर तेज हो जाएगा।

Bihar

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आज बड़ा दिन है। चुनाव आयोग सोमवार (6 अक्टूबर) शाम 4 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। इसी के साथ यह भी तय हो जाएगा कि इस बार बिहार में चुनाव कितने चरणों में संपन्न होंगे। माना जा रहा है कि 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के चुनाव तीन चरणों में पूरे हो सकते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पहले ही साफ किया था कि मतदान प्रक्रिया 22 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी। राजनीतिक दलों ने आयोग से छठ पर्व के बाद मतदान की मांग की है ताकि प्रवासी मतदाता भी बड़ी संख्या में भाग ले सकें।

बिहार में आज तय होगा चुनावी रण का शेड्यूल

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शाम 4 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसी दौरान Bihar विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा। चुनाव आयोग ने 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा किया था और राज्य के राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के साथ विस्तृत चर्चा की थी। इस दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा तैयारियों और मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई।

छठ के बाद चुनाव कराने की सिफारिश

‘पीटीआई’ की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों ने आयोग से छठ पर्व के बाद चुनाव कराने की मांग की है। वजह यह बताई जा रही है कि त्योहारों के समय बड़ी संख्या में बिहार के लोग बाहर से अपने गांव लौटते हैं। ऐसे में मतदाताओं की भागीदारी स्वाभाविक रूप से बढ़ जाएगी। दलों का मानना है कि यह लोकतंत्र के लिए बेहतर होगा।

मतदान केंद्रों में बड़ा बदलाव, 1,200 से अधिक मतदाता नहीं

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार Bihar में कुल 90,000 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे और किसी भी केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। पिछले चुनावों में यह संख्या 1,500 से ज्यादा होती थी, जिससे लंबी कतारें और अव्यवस्था की शिकायतें मिलती थीं। अब बूथों की संख्या बढ़ाने से मतदान प्रक्रिया को सुचारू और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

2020 में तीन चरणों में हुआ था मतदान

बता दें कि पिछली बार यानी 2020 के Bihar विधानसभा चुनाव तीन चरणों में संपन्न हुए थे। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर मतदान हुआ था, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों पर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर वोट डाले गए थे। मतगणना 10 नवंबर को हुई थी। इस बार भी संभावना जताई जा रही है कि बिहार में तीन चरणों में चुनाव पूरे किए जा सकते हैं।

सहारनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, एक लाख के इनामी बदमाश इमरान को एनकाउंटर में किया ढेर

 

Exit mobile version