Site icon News1India

Chhath Tragedy : छठ की तैयारी बनी दो बच्चों की मौत की वजह, मिट्टी का टीला धंसा, गांव में पसरा मातम

Bihar News: बिहार के सारण जिले के कमता गांव में छठ पूजा की तैयारियों के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कमता पोखर के पास मिट्टी लेने गए दो बच्चों की टीला धंसने से मौत हो गई। दोनों बच्चे कुछ अन्य साथियों के साथ छठ पूजा का प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान करीब छह फीट ऊंचा मिट्टी का टीला अचानक धंस गया।

चार बच्चे दबे मिट्टी में

स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मनोज राय के मुताबिक, बच्चे छठ पूजा में प्रसाद बनाने के लिए चूल्हा तैयार करने की खातिर मिट्टी निकाल रहे थे। तभी टीले का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में चार बच्चे आ गए। दो बच्चों को उनके साथियों और ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चे मिट्टी के नीचे दब गए।

अंकुश और जूली की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 12 वर्षीय अंकुश कुमार, पिता मंजय राय और 13 वर्षीय जूली कुमारी, पिता विशुन साह के रूप में हुई है। दोनों कमता गांव के वार्ड संख्या 10 के निवासी थे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें निकालने की कोशिश शुरू की।

जेसीबी से हटाई मिट्टी

मिट्टी का ढेर अधिक होने के कारण बच्चों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी हटाई गई। ग्रामीण दोनों बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनियापुर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मच गई।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

अंकुश के पिता मंजय राय कोलकाता में ड्राइवर का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद वह घर लौट रहे हैं। वहीं, जूली के पिता विशुन साह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दोनों बच्चों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पहले भी लगी थी रोक

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने पहले भी इस जगह से मिट्टी काटने पर रोक लगा रखी थी। इसके बावजूद बच्चे वहां मिट्टी लेने पहुंचे थे। गौरतलब है कि बिहार में छठ महापर्व पर प्रसाद बनाने के लिए पारंपरिक रूप से मिट्टी के चूल्हे तैयार किए जाते हैं। इसी तैयारी के दौरान हुए हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।

Exit mobile version