PM Modi Bihar Visit: बिहार के लोगों को गंगा नदी पर लगने वाले जाम और लंबे सड़क सफर से जल्द राहत मिलने वाली है। पटना से उत्तर बिहार जाने वालों के लिए एक नया रास्ता खुलने जा रहा है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे। करीब 9.76 किलोमीटर लंबे इस महासेतु से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। दावा है कि पुल शुरू होने के बाद पटना से वैशाली का सफर महज 20 से 25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
गांधी सेतु का विकल्प
अभी पटना से वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे जिलों की ओर जाने वाले लोगों को महात्मा गांधी सेतु से होकर गुजरना पड़ता है। व्यस्त समय में वाहनों का दबाव बढ़ने से यहां लंबा जाम लग जाता है। कई बार कम दूरी तय करने में भी लोगों को घंटों लग जाते हैं। कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु शुरू होने के बाद यात्रियों को एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इससे गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
100 की रफ्तार से सफर
गंगा पर बना यह छह लेन का पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा। मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड सहित पूरी परियोजना लगभग 19.76 किलोमीटर लंबी है। इस परियोजना पर पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। पुल के जरिए एनएच-30 और एनएच-103 के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा।
राघोपुर को सबसे ज्यादा फायदा
इस महासेतु का सबसे बड़ा फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलने वाला है। गंगा और गंडक नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को पटना और हाजीपुर पहुंचने के लिए अब तक कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है। पुल चालू होने के बाद उन्हें सालभर सड़क मार्ग से पटना और हाजीपुर आने-जाने का बेहतर विकल्प मिलेगा।
उत्तर बिहार को नई रफ्तार
इस पुल का फायदा केवल पटना और वैशाली तक सीमित नहीं रहेगा। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और आसपास के जिलों से पटना आने वाले लोगों के लिए भी यह महत्वपूर्ण रास्ता साबित होगा। अब इन जिलों से आने वाले वाहनों को महात्मा गांधी सेतु पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
किसानों को भी फायदा
बेहतर सड़क संपर्क से उत्तर बिहार के कृषि और व्यापार क्षेत्र को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे जिलों से फल, सब्जियां और दूसरे कृषि उत्पाद कम समय में पटना और दक्षिण बिहार के बाजारों तक पहुंचाए जा सकेंगे।
इसके अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर माल ढुलाई करने वाले वाहनों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे परिवहन लागत घटने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
आधुनिक तकनीक से निर्माण
कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु अपनी लंबाई के साथ निर्माण तकनीक के लिए भी खास है। इसे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल ब्रिज तकनीक से तैयार किया गया है। इसकी मुख्य संरचना करीब 32 मीटर चौड़ी है। इसे बिहार के सबसे लंबे एक्स्ट्रा डोज्ड केबल पुल के रूप में जाना जाता है।
परियोजना का निर्माण बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराया गया है। इसमें एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की कंपनी दाइऊ की संयुक्त भागीदारी रही है। एशियाई विकास बैंक (ADB) ने भी इसके लिए वित्तीय सहायता दी है।
21 नवंबर को होगा उद्घाटन
बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार पहुंचेंगे। इस दौरान वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। पुल शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

