Akhilesh Yadav on BJP: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी में चल रही कथित आंतरिक कलह को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस पर लगातार तंज (Akhilesh Yadav on BJP) कस रहे हैं। अब उन्होंने एक और बयान दिया है जो चर्चा का विषय बन गया है। अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार किया है।
“न संगठन बड़ा..न ही सरकार” -अखिलेश
अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य के संगठन वाले बयान पर एक्स पर पोस्ट करते हुए तंज कसा है। उन्होंने लिखा, “न संगठन बड़ा होता है, न सरकार। सबसे बड़ा होता है जनता का कल्याण। दरअसल, संगठन और सरकार तो बस साधन होते हैं, लोकतंत्र में साध्य तो जनसेवा ही होती है। जो साधन की श्रेष्ठता के झगड़े में उलझे हैं, वे सत्ता और पद के भोग के लालच में हैं, उन्हें जनता की कोई परवाह नहीं है। भाजपाई सत्तान्मुखी हैं, सेवान्मुखी नहीं!”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बीजेपी की बैठक में “संगठन हमेशा सरकार से बड़ा होता है” कहकर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक माहौल में हलचल मचा दी है। इस बयान के बाद चर्चा होने लगी है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच सब कुछ ठीक नहीं है।
इस बीच, बीजेपी की कथित आंतरिक कलह पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी सक्रिय हैं। उन्होंने पहले भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि बीजेपी की कुर्सी की लड़ाई के कारण उत्तर प्रदेश का शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है। भाजपा जो तोड़फोड़ की राजनीति अन्य दलों में करती थी, अब वही अपने दल के भीतर कर रही है।