Site icon News1India

Chandrayaan 3: चंद्रयान के धरती पर आने का समय है, पूरे देश को स्‍वागत करना चाहिए… राजभर के इस बयान का सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक

अपना चंद्रयान -3 चांद पर पहुंच चुका है। पूरे देेश में इस वक्त खुशी की लहर है और गर्व का माहौल है। तमाम बड़े राजनेता इस कामयाबी पर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देते नहीं थक रहे हैं। चंद्रयान की लैंडिंग से पहले सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कुछ ऐसा बोल दिया जिसे सुनकर आप अपना सिर पकड़ने पर मजबूर हो जाएंगे। बता दें कि बुधवार को एक निजी चैनल ने ओम प्रकाश राजभर से चंद्रयान 3 की चांद पर सफल लैंडिंग को लेकर सवाल कर दिया लेकिन ओम प्रकाश राजभर ने बिना कुछ सोचे-समझे ही बोलना शुरू कर दिया और चांद की जगह धरती पर ही चंद्रयान की लैंडिंग करा दी। राजभर इतना भावनाओं में बह गए कि चंद्रयान की जमीन पर लैंडिंग के लिए उन्होंने वैज्ञानिकों को भी बधाई देनी शुरू कर दी।

राजभर ने चंद्रयान -3 की लैंडिंग धरती पर कराई

ओम प्रकाश राजभर से सवाल किया गया कि आज चंद्रयान 3 चांद की सतह पर लैंडिंग करने जा रहा है तो आप इस पर क्या कहेंगे? इसके जवाब में ओम प्रकाश राजभर ने कहा, मैं भारत के उन वैज्ञानिकों को धन्यवाद देता हूं जो दिन प्रतिदिन रिसर्च करके नई खोज कर रहे हैं। चंद्रयान 3 के लिए हम उनको बधाई देते हैं। चंद्रयान 3 के सकुशल धरती पर आने का जो समय है। आने के बाद उसका स्वागत पूरे देश को करना चाहिए.’ उनका ये बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उनके मजे ले रहे हैं।

ओम प्रकाश राजभर अक्सर अपने बयानों को लेकर छाए रहते हैं। एनडीए में शामिल होने के बाद से सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर काफी तीखे हमले रहे हैं। पिछले कुछ दिनों उन्होंने अहीर जाति को लेकर भी ऐसा बयान दे दिया था, जिसपर विवाद हो गया था। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई देते हुए ये भी कहा कि वो तो सिर्फ पूर्वांचल की कहावत के बारे में बात कर रहे थे।

Exit mobile version