Delhi Rain:तेज बारिश के कारण आज सभी स्कूल बंद, राजधानी तीन घंटे में डूबी, वर्षा का रेड अलर्ट जारी

Delhi Rain

Delhi Rain School Closed:  दिल्ली में बुधवार को भारी बारिश हुई। एक तरफ उमस भरी गर्मी से राहत मिली तो दूसरी तरफ आफत भी बन गई। सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में दर्ज की गई। यहां तीन घंटे में 119 मिमी बारिश हुई। दिल्ली सरकार को एक अगस्त (गुरुवार) के लिए स्कूल बंद करने का आदेश देना पड़ा। बुधवार को भी मौसम विभाग का पूर्वानुमान धराशायी साबित हुआ। येलो अलर्ट के बीच चिलचिलाती धूप में उमस ने दिनभर हाल बेहाल किया।

जबकि शाम को कहीं हल्की से मध्यम तो कहीं मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। बारिश इतनी हुई कि दिल्ली में कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम हो गया। दिल्ली सरकार को एक अगस्त (गुरुवार) के लिए स्कूल बंद करने का आदेश देना पड़ा। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने देर रात सोशल साइट एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बुधवार को भारी बारिश और गुरुवार को बारिश के पूर्वानुमान के चलते राजधानी के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। बारिश के कारण मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भर गया, जिससे यातायात बंद हो गया।

येलो अलर्ट को बदलकर रेड करना पड़ा

भारी बारिश के कारण मौसम विभाग को चार जिलों उत्तर पश्चिमी, उत्तर पूर्वी, दक्षिण पश्चिमी और दक्षिण पूर्वी जिलों के लिए येलो अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट करना पड़ा। इस भारी बारिश ने उमस और गर्मी से राहत तो दिलाई, लेकिन साथ ही लोगों का जनजीवन भी अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।

बादल छाए रहने का था अनुमान

मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि बुधवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होगी। लेकिन इसके उलट सुबह ही धूप निकल आई थी, जो दिन चढ़ने के साथ तेज होती गई। इससे उमस का स्तर भी बढ़ गया।

शाम होते ही शुरू हो गई तेज बारिश

शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे आसमान में बादल छा गए और दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। यह बारिश रात करीब साढ़े आठ बजे तक जारी रही। इसके बाद भी कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही।

कितना रहा दिल्ली का तापमान

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों ही सामान्य से तीन डिग्री अधिक थे। हवा में नमी का स्तर 83 से 63 प्रतिशत रहा। जहां तक ​​बारिश की बात है तो शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक दिल्ली में 79.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 119 मिमी बारिश मयूर विहार में दर्ज की गई।

Kerala News : वायनाड लैंडस्लाइड में दो डॉक्टर हुए लापता, तलाश में जुटी NDRF की टीम

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार तक मानसून की अक्ष रेखा अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में थी। बुधवार को यह दक्षिण से अपनी सामान्य स्थिति में आ गई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ अरब सागर से नमी वाली हवाओं के आने से भारी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि गुरुवार और शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही रहेगी। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा। सप्ताहांत में भी हल्की बारिश जारी रह सकती है।

Exit mobile version