Site icon News1India

Delhi-Vadodra Expressway : इंजीनियर बर्खास्त, ठेकेदार पर 50 लाख का जुर्माना, एक्सप्रेस-वे की हालत पर NHAI की फटकार

Delhi-Vadodara Expressway, Ministry of Road Transport, Highways, New Delhi
Delhi-Vadodra Expressway : देशभर में सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। हाल ही में अलवर में दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें देखा गया कि सड़क की खामियों के कारण चल रही कार हवा में उछल रही है।
वीडियो के वायरल होने के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इंजीनियर को बर्खास्त कर दिया और ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इस मामले में NHAI ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर मामले की गहराई से जांच की गई और जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।

NHAI ने बताया कि ठेकेदार को समय पर खामियों को ठीक नहीं करने के लिए 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अतिरिक्त, निर्माण कार्य की उचित देखरेख न करने और लापरवाही के चलते अथॉरिटी इंजीनियर को उनके पद से हटा दिया गया है, और संबंधित साइट इंजीनियर को भी नौकरी से हटा दिया गया है।

संबंधित पीडी और मैनेजर (टेक) को सड़क की खामियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सड़क और परिवहन मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो की जांच की, जिससे पता चला कि वीडियो दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे का है।

यह भी पढ़ें : पहले वर्क मीटिंग के लिए मुंबई बुलाया और फिर होटल लेजाकर…. 

यह ध्यान देने योग्य है कि अलवर में दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे को सुपर एक्सप्रेसवे भी कहा जाता है। इस पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलते हैं। राजस्थान के अलवर और दौसा क्षेत्र में इस एक्सप्रेसवे पर सबसे ज्यादा सड़क हादसे होते हैं। इसका प्रमुख कारण सड़क की असमान ऊंचाई, खराब संतुलन और गड्ढे हैं। इसके अलावा, एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह बारीक गिट्टी फैली हुई है, कई स्थानों पर पानी जमा है और सड़क में धंसावट भी देखी जा रही है।

Exit mobile version