Site icon News1India

Jharkhand: हेमंत सोरेन एक बार फिर से बनेंगे झारखंड के मुख्यमंत्री, चंपाई सोरेन को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Jharkhand

Jharkhand: हेमंत सोरेन एक बार फिर झारखंड (Jharkhand) के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), कांग्रेस, और आरजेडी के विधायक दल की बैठक में हेमंत सोरेन को फिर से सरकार का प्रमुख चुना गया है, ऐसा आधिकारिक सूत्रों ने बताया।

भूमि घोटाले में कथित संलिप्तता के कारण हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री बने चंपाई सोरेन इस्तीफा देंगे। उन्हें झामुमो का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। फिलहाल हेमंत सोरेन झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।

28 जून को जेल से रिहा हुए थे हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद 28 जून को जेल से रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और उनके करीबी सहयोगी और मंत्री चंपाई सोरेन ने 2 फरवरी को राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

यह भी पढ़े: हाथरस भगदड़ में 121 लोगों की गई जान, आश्रम में छापा लेकिन बाबा फरार, एक्शन में योगी सरकार

हेमंत सोरेन फिर से बनेंगे मुख्यमंत्री 

सोरेन की रिहाई के बाद से ही यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे एक बार फिर मुख्यमंत्री बन सकते हैं। 1,500 चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने सहित मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को अचानक रद्द किए जाने से इन अटकलों को बल मिला था कि कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। मंगलवार को भी उनके सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे।

आगामी चुनाव में ‘विक्टिम कार्ड’ खेलेंगे सोरेन 

राज्य में नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय पर किया जा रहा है जब कुछ ही महीने बाद विधानसभा चुनाव होना है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जेल से रिहाई के बाद हेमंत सोरेन भाजपा पर आक्रामक हैं और माना जा रहा है कि ‘विक्टिम कार्ड’ खेलते हुए वे आगामी चुनाव में भाजपा को हराने की कोशिश करेंगे।

Exit mobile version