Site icon News1India

Kanpur: हाथरस के बाद अब कानपुर में एक नए बाबा का लग रहा दरबार, पानी और लौंग से कर रहे कैंसर से लेकर शूगर तक का इलाज

Kanpur

Kanpur: यूपी के कानपुर के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के चैन का पुरवा गांव में एक बाबा, जो खुद को अलौकिक शक्तियों का धनी बताते हैं, अंधविश्वास फैला रहे हैं। उनका दावा है कि उनकी एक बोतल पानी और लौंग से गंभीर बीमारियां ठीक हो जाती हैं और वे भूतों से बात भी कर सकते हैं।

वह कैंसर से लेकर शुगर तक का इलाज करने का दावा करते हैं। इस अंधविश्वास के कारण हर दिन बड़ी संख्या में लोग उनके तथाकथित दरबार में पहुंच रहे हैं। चैन का पुरवा गांव में स्थित शक्तिपीठ पर अंधविश्वास का यह खेल चल रहा है।

भूतों से सीधे संवाद – बाबा का दावा

यहां रहने वाले बोतल वाले बाबा का दावा है कि वे भूतों से सीधे संवाद करते हैं और काली देवी की कृपा से उन्हें अलौकिक शक्तियां प्राप्त हैं। शक्तिपीठ के संचालक खुद को श्री श्री 1008 हरिओम महाराज कहते हैं और आस्था की आड़ में उनका अंधविश्वास का खेल चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़े: हाथरस हादसे पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, SDM, CO समेत 6 अधिकारी सस्पेंड

हमारे बोतल का पानी अमृत है- हरिओम बाबा

उनका कहना है कि जब डॉक्टर किसी मरीज को ठीक नहीं कर पाते, तो यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बोतल पानी अमृत का काम करती है। जब किसी व्यक्ति पर भूतों का साया होता है, तो बाबा उन्हें भी ठीक करने का दावा करते हैं। मां काली की शक्ति के सहारे एक बोतल पानी, लौंग और तेल देकर लोगों की सभी प्रकार की बीमारियों से मुक्ति दिलाने का दावा किया जाता है।

एसडीएम सर्वेश कुमार सिंह ने क्या कहा?

सप्ताह में दो दिन महाराज जी की गद्दी लगती है, जहां बड़ी संख्या में हजारों लोग आते हैं। एसडीएम भोगनीपुर (Kanpur) सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि शक्तिपीठ के बाबा को अंधविश्वास फैलाने से रोकने और हाथरस की घटना के मद्देनजर अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version