कानपुर। बृजभूषण शरण सिंह का यूपी की राजनीति में अलग ही रौला है। जब भी उनका लग्जरी कारों का काफिला सूबे की सड़कों से गुजरता है तो जनसैलाब उमड़ पड़ता है। गोंडा के नेता जी जब बोलते हैं तो उन्हें सुनने के लिए हजारों लोग पहुंच जाते हैं। जब बीजेपी के पूर्व सांसद बोलते हैं तो उनके एक-एक शब्द देश के कोने-कोने तक सुनाई देते हैं। वह खुलकर हरसभा में कहते हैं हमारा दबदबा था, दबदबा है और आगे भी दबदबा रहेगा। बूजभूषण शरण सिंह का दबदबे वाला अंदाज कानपुर में भी दिखा। वह जमकर गरजे। क्षत्रिय समाज को एकजुट रहने को कहा।
कानपुर के अर्रा संत निरंकारी मैदान पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के दशहरा मिलन समारोह में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षत्रिय समाज का इतिहास बलिदान, पराक्रम और राष्ट्र निर्माण की गाथाओं से भरा हुआ है। सतयुग से लेकर कलयुग तक इस समाज ने देश की रक्षा और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और यह योगदान आने वाले समय में भी निरंतर रहेगा। पूर्व सांसद ने कहा कि क्षत्रियों ने हरयुग में मानवता के लिए काम किए हैं। क्षत्रिय आज भी मानवता के लिए जीता है।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि क्षत्रिय समाज ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि माना है। चाहे युद्ध का मैदान रहा हो या राजनीति का मंच, क्षत्रियों ने हर युग में अपने पराक्रम, त्याग और नेतृत्व से समाज को दिशा दी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास को जानें और समाज के संगठन, शिक्षा और एकता पर विशेष ध्यान दें। इस मौके पर उन्होंने कहा कि समाज की एकता और संगठन ही उसकी असली ताकत है। यदि हम सब एकजुट रहें, तो कोई भी शक्ति हमारे इतिहास और संस्कृति को मिटा नहीं सकती।
क्षत्रिय समाज को संबोधन के के बाद बृजभूषण शरण सिंह मीडिया से मुखातिब हुए। मायावती की रैली को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों का काम विरोध करना ही होता है। उन्होंने कहा कि बसपा की रैली मायावती जी की अपनी पार्टी का आयोजन था। उससे किसी को कष्ट नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन हमें तो केवल भारतीय जनता पार्टी ही दिखती है। उन्होंने कहा कि 2017 में बीजेपी की सरकार प्रदेश में बनी थी और जनता ने जिस विश्वास के साथ पार्टी को समर्थन दिया, वह आगे भी बरकरार रहेगा। 2027 में भी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार बनेगी।
इनसब के बीच पूर्व सांसद का दबदबे वाला अंदाज भी देखने को मिला। जब कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए मंच की तरफ बढ़ रहे थे। कुर्सी पर बैठे बृजभूषण शरण सिंह तत्काल खड़े होते हैं। माइक अपने हाथ पर लेते हैं। और कहते हैं आप शांति बनाए रखिए। मंच से नीचे रहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते तो मैं बिना कुछ बोले ही यहां से चला जाऊंगा। नेता जी की बात सुनकर लोग खामोश हो जाते हैं और फिर बृजभूषण शरण सिंह दहाड़ते हैं। खुलकर क्षत्रिय समाज को एकजुट रहने का संकल्प दिलाते हैं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पूर्व सांसद को सुनने के लिए पहुंचे थे।