Leena Gandhi Tewari : हाल ही में सोशल मीडिया और रियल एस्टेट जगत में एक नाम खूब चर्चा में है।लीना गांधी तिवारी। हर कोई जानना चाहता है कि ये हैं कौन, और इन्होंने ऐसा क्या किया कि अचानक से खबरों में छा गईं? दरअसल, लीना तिवारी ने मुंबई के वर्ली इलाके में समंदर के किनारे बने एक लग्जरी फ्लैट के लिए 703 करोड़ रुपये की मोटी रकम चुकाई है, जो भारत की अब तक की सबसे महंगी रिहायशी डील मानी जा रही है।
फार्मा कंपनी की चेयरपर्सन हैं लीना
लीना गांधी तिवारी यूएसवी प्राइवेट लिमिटेड की चेयरपर्सन हैं, जो देश की जानी-मानी दवा कंपनियों में से एक है। यह कंपनी डायबिटीज, हृदय रोग और बायोसाइंस से जुड़ी दवाएं बनाती है। इस कंपनी की शुरुआत उनके दादा विठ्ठल बालकृष्ण गांधी ने 1961 में की थी। लीना आज इस कंपनी की बागडोर संभालते हुए एक सफल और प्रभावशाली बिजनेस वुमन बन चुकी हैं।
नेटवर्थ कितनी है लीना तिवारी की?
फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, 29 मई 2025 तक लीना तिवारी की कुल संपत्ति करीब 3.9 बिलियन डॉलर यानी 32,500 करोड़ रुपये आंकी गई है। वह भारत की 45वीं सबसे अमीर महिला और दुनिया की 964वीं सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा यूएसवी में हिस्सेदारी और कंपनी की ग्रोथ से आता है।
कितनी है उनकी सैलरी?
यूएसवी एक निजी कंपनी है, इसलिए लीना तिवारी की सैलरी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं है। माना जाता है कि उनकी कमाई का मुख्य स्रोत कंपनी के शेयर, डिविडेंड और निवेश हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, उनका रेवेन्यू फिक्स्ड सैलरी की बजाय रणनीतिक हिस्सेदारी से आता है।
मुंबई में खरीदा सबसे महंगा घर
लीना गांधी तिवारी ने नमन जाना नाम के प्रीमियम प्रोजेक्ट में 32वीं से 35वीं मंजिल तक दो डुप्लेक्स अपार्टमेंट्स खरीदे हैं। इनका कुल एरिया करीब 22,572 वर्ग फुट है। प्रति वर्ग फुट की कीमत 2.83 लाख रुपये से ज्यादा है। स्टांप ड्यूटी और टैक्स मिलाकर कुल लागत 703 करोड़ रुपये बैठती है। यह डील देश की अब तक की सबसे महंगी रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी मानी जा रही है।
सामाजिक कार्यों में भी हैं सक्रिय
67 साल की लीना गांधी तिवारी ने मुंबई विश्वविद्यालय से बी.कॉम और बोस्टन यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है। वो मीडिया से दूरी बनाकर रखती हैं, लेकिन समाज सेवा में काफी आगे हैं। साल 2019 में उन्होंने 34 करोड़ रुपये का दान देकर हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट में तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
लीना गांधी तिवारी सिर्फ एक सफल कारोबारी ही नहीं, बल्कि समाज के लिए सोचने वाली एक प्रेरणादायी महिला हैं। उनकी मेहनत, दूरदर्शिता और सामाजिक सोच उन्हें भारत की सबसे प्रभावशाली महिला उद्यमियों में शामिल करती है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सार्वजनिक स्रोतों और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। News1 India इन आंकड़ों या दावों की पुष्टि नहीं करता है। कोई भी निवेश या निर्णय विशेषज्ञ सलाह से ही लें।