‘मेरी दिल्ली-मेरा देश’ कार्यक्रम में पहुंची CM रेखा गुप्ता, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर दिया जोर!

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद से हर त्यौहार और अवसर को भव्यता व श्रद्धा के साथ मनाने की परंपरा शुरू की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है, जहां हर राज्य के उत्सव को समान सम्मान और गरिमा के साथ मनाया जाएगा।

CM Rekha Gupta

CM Rekha Gupta : लाल किले के ऐतिहासिक परिसर में शनिवार को आयोजित ‘मेरी दिल्ली, मेरा देश’ कार्यक्रम ने एकता, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। इस भव्य आयोजन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने संयुक्त रूप से भाग लिया और “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। यह समारोह दिल्ली सहित केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, अंडमान-निकोबार, चंडीगढ़ और लक्षद्वीप जैसे राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाया गया।

मुख्यमंत्री का नागरिकों से आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की ताकत उसकी विविधता और अपनापन है। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि दिल्लीवासी एकजुट होकर राजधानी को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने सत्ता संभालने के बाद से हर त्योहार और राष्ट्रीय अवसर को भव्यता और दिव्यता के साथ मनाने की परंपरा शुरू की है।

संस्कृति और रंगों से सजा लाल किला

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लाइट एंड साउंड शो, प्रोजेक्शन मैपिंग, फूड फेस्टिवल और गेम्स ज़ोन ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। शाम का मुख्य आकर्षण था गायक बी प्राक का लाइव कॉन्सर्ट, जिसमें देशभक्ति और लोकधुनों का संगम दर्शकों के दिलों को छू गया।

फूड कोर्ट बना आकर्षण का केंद्र

विद्यार्थियों और दिल्ली के स्थानीय रसोइयों द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजनों वाला मल्टी-क्यूज़ीन फूड कोर्ट लोगों का खास आकर्षण बना। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली का इतिहास संघर्ष, पुनर्निर्माण और आत्मबल की कहानी है जिसने कई बार चुनौतियाँ देखीं, पर हर बार और मज़बूत होकर आगे बढ़ी।

लाल किला बना दिल्ली की आत्मा का साक्षी

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल किले की दीवारें दिल्ली के उत्थान, पतन और पुनर्जन्म की साक्षी रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा, “दिल्ली सिर्फ राजधानी नहीं, यह हर राज्य से आए लोगों का साझा घर है। हमें याद रखना चाहिए कि जैसे अपने राज्य से प्रेम है, वैसे ही दिल्ली और यह देश भी हमारा अपना है।”

यह भी पढ़ें : दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा, महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’…

विकास और पर्यावरण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी को विकसित, स्वच्छ और सशक्त शहर बनाना है। उन्होंने कहा, “हम यमुना की सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, हरियाली बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के सुधार पर निरंतर काम कर रहे हैं। दिल्ली अब पिछली चुनौतियों को पीछे छोड़कर प्रगति की नई राह पर आगे बढ़ रही है।”

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी और कहा कि “उनकी प्रेरणा से ही देश की एकता और अखंडता आज भी अडिग है।” उन्होंने घोषणा की कि अब दिल्ली में हर राज्य का राज्य उत्सव और स्थापना दिवस पूरे सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

Exit mobile version