Abhishek Porel Controversy: अर्श से फ़र्श तक का सफर IPL में₹20 लाख से ₹4 करोड़ तक पहुंचे, अब गिरफ्तारी से करियर पर संकट

अभिषेक पोरेल को रेप केस में पुलिस ने हिरासत में लिया है। कभी ऋषभ पंत के एक्सीडेंट के बाद आईपीएल में मौका पाने वाले पोरेल दो साल में ₹20 लाख से ₹4 करोड़ तक पहुंचे।

Police Action: दिल्ली कैपिटल्स के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को रेप केस से जुड़े मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनकी गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई। हुगली जिला कोर्ट ने पोरेल को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। उन पर एक मेडिकल छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, आरोपों की जांच अभी जारी है और अदालत में मामले की सुनवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

पंत के बाद बदली किस्मत

अभिषेक पोरेल का आईपीएल सफर काफी दिलचस्प रहा है। 30 दिसंबर 2022 को ऋषभ पंत के सड़क हादसे के बाद दिल्ली कैपिटल्स को टीम में विकेटकीपर के विकल्प की जरूरत थी। इसी दौरान पोरेल को 2023 सीजन के लिए 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया गया। इससे पहले उनका नाम क्रिकेट जगत में बहुत ज्यादा चर्चित नहीं था। लेकिन आईपीएल में मिले इस मौके ने उनके करियर की दिशा बदल दी और उन्हें बड़े मंच पर पहचान बनाने का अवसर मिला।

10 गेंद में 32 रन

आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स के खिलाफ पोरेल को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर बल्लेबाजी का मौका मिला। उन्होंने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और सिर्फ 10 गेंदों में 32 रन की तेजतर्रार पारी खेल दी। छोटी लेकिन आक्रामक पारी ने दिल्ली कैपिटल्स के टीम मैनेजमेंट का भरोसा बढ़ाया। इसके बाद पोरेल को लगातार बेहतर मौके मिलने लगे और वह टीम के अहम युवा खिलाड़ियों में शामिल होते गए।

₹4 करोड़ का दांव

2025 के मेगा ऑक्शन में पोरेल की लोकप्रियता और प्रदर्शन का असर उनकी कीमत पर भी दिखाई दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में अपने साथ बनाए रखा। आईपीएल 2025 में उन्होंने 14 मुकाबलों में करीब 160 के स्ट्राइक रेट से 327 रन बनाए। उनके प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ने 2026 में भी उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया। इस सीजन शुरुआती चार मैचों में पोरेल ने एक अर्धशतक की मदद से 108 रन बनाए।

करियर पर बढ़ा संकट

अब पोरेल गंभीर कानूनी विवाद में फंस गए हैं। शिकायत करने वाली मेडिकल छात्रा ने आरोप लगाया है कि पोरेल ने शादी का वादा करके उसके साथ रेप किया, उसे बंधक बनाकर रखा और निजी पलों की रिकॉर्डिंग की। शिकायत के मुताबिक, पोरेल के अन्य महिलाओं से संबंधों की जानकारी मिलने के बाद दोनों के रिश्ते में विवाद शुरू हुआ। एफआईआर में उनके खिलाफ 19 धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। आरोपों में छात्रा को भूखा रखने और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना देने जैसी बातें भी शामिल हैं। मामले की जांच और अदालत की कार्यवाही अब उनके क्रिकेट करियर के लिए बेहद अहम होगी।

Exit mobile version