Afghanistan Squad: भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में लंबे समय बाद तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक की वापसी हुई है। वहीं, इब्राहिम जादरान को पहली बार टी20 फॉर्मेट में अफगानिस्तान की कप्तानी सौंपी गई है। टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन देखने को मिल रहा है।
नवीन की वापसी
नवीन-उल-हक लंबे समय से कंधे की चोट के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे। चोट की वजह से वह पहले एशिया कप और फिर इस साल खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भी अफगानिस्तान का हिस्सा नहीं बन सके थे। बाद में उनके दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। अब भारत के खिलाफ सीरीज से उनकी वापसी हो रही है।
विराट से फिर सामना
26 वर्षीय नवीन ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अफगानिस्तान के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2024 में खेला था। अब वह भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में मैदान पर लौटेंगे। आईपीएल के दौरान विराट कोहली के साथ उनकी चर्चित भिड़ंत को देखते हुए इस सीरीज में दोनों के आमने-सामने आने पर भी नजरें रहेंगी।
नायब को मौका
अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। उनकी मौजूदगी से अफगानिस्तान के मध्यक्रम को मजबूती मिलेगी और टीम को गेंदबाजी में भी एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। विकेटकीपिंग विभाग में अनकैप्ड खिलाड़ी नूर रहमान को जगह दी गई है। घरेलू क्रिकेट और शपागीजा क्रिकेट लीग में उनके अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है।
स्पिन की भरमार
अफगानिस्तान के पास भारत के खिलाफ स्पिन का मजबूत विकल्प मौजूद है। टीम में राशिद खान, मोहम्मद नबी, नूर अहमद और नांगयाल खारोटी जैसे चार स्पिन गेंदबाज शामिल हैं। परिस्थितियों के हिसाब से कप्तान इन सभी का अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों के सामने अफगान स्पिन अटैक बड़ी चुनौती पेश कर सकता है।
दिल्ली में मुकाबले
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी20 मैच दिल्ली में खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को होगा, जबकि दूसरा मैच 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। अफगानिस्तान की पूरी टीम में इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगयाल खारोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक शामिल हैं। रिजर्व में इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक को रखा गया है।
