Site icon News1India

Fearless Cricket :पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बने भारत पर गौतम गंभीर हुए फिदा, किस बात ने जीता दिल?

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय युवा टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में टीम के आत्मविश्वास और संघर्ष को सराहा। गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “निडर क्रिकेट। अटूट विश्वास। दृढ़ संकल्प का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता!! एशिया के चैंपियन! बहुत बढ़िया, लड़कों!”

आखिरी गेंद पर जीत

खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा था। भारतीय टीम ने 42वें ओवर तक 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। एक समय मुकाबला भारत के हाथ से निकलता दिखाई दे रहा था, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी। मोहित उल्वा ने 49 रनों की अहम पारी खेली और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी।

चोट के बावजूद चमके

इस फाइनल में आर्यवीर सहवाग ने चोट लगने के बावजूद शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 61 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 58 रन बनाए। आर्यवीर ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनकी इस पारी ने भारत की जीत की नींव तैयार करने में अहम भूमिका निभाई।

टूर्नामेंट में मचाया धमाल

आर्यवीर सहवाग पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहे। उन्होंने पांच पारियों में 90.25 की औसत से 361 रन बनाए और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर बने। उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले। यूएई के खिलाफ 160 रन की पारी उनके अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण रही। उन्होंने टूर्नामेंट में 70*, 22, 160, 51 और 58 रन बनाए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने पाकिस्तान के उस्मान खान को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 345 रन बनाए थे।

Exit mobile version